प्रदेश हरियाणा

पीने के पानी की किल्लत को लेकर महिलाओं ने किया प्रर्दशन, बंद किया हाईवे

  जींदः नगूरां-बधाना मार्ग पर विभाग द्वारा लगाई गई सबमर्सिबल मोटर के बार-बार जलने और चार दिन से 200 घरों में पीने के पानी की कमी से गुस्साई नगूरां गांव की महिलाओं ने बुधवार दोपहर को नगूरां के सरस्वती पब्लिक स्कूल के पास जींद-कैथल मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम की सूचना मिलते ही नगूरां चौकी प्रभारी नफे सिंह मौके पर पहुंचे और जाम लगा रही महिलाओं को समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन महिलाएं जनस्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों को बुलाने की मांग पर अड़ी रहीं। महिलाओं के प्रदर्शन के बाद नगूरां चौकी प्रभारी ने जनस्वास्थ्य विभाग जींद के जेई सन्नी से मोबाइल फोन पर बात की तो जेई के जल्द ही पेयजल समस्या का समाधान करने के आश्वासन के बाद महिलाएं करीब आधे घंटे बाद जाम खोलने पर राजी हुईं। महिलाओं ने विभाग को चेतावनी दी कि यदि बुधवार देर शाम तक कॉलोनी के लोगों को पेयजल सप्लाई नहीं मिली तो महिलाएं दोबारा जाम लगाने को मजबूर होंगी। सड़क जाम कर रही महिलाओं ने बताया कि बधाना रोड पर विभाग द्वारा लगाया गया सबमर्सिबल मोटर बार-बार जलने के कारण बाल्मीकि कॉलोनी व आसपास के अन्य घरों में पेयजल आपूर्ति बाधित हो रही है। सबमर्सिबल की मोटर जलने से कॉलोनी के करीब 200 घरों में चार दिन से पेयजल आपूर्ति नहीं हो रही है। जिसके कारण महिलाओं को पीने के पानी के लिए दूर-दराज के खेतों में लगे सबमर्सिबल का रुख करना पड़ता है। पेयजल की कमी के बारे में कई बार विभाग के आला अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अधिकारी उनकी समस्या का समाधान करने की जहमत नहीं उठा रहे हैं। जिसके चलते कॉलोनी की महिलाओं को सड़क जाम करने पर मजबूर होना पड़ा। यह भी पढ़ेंः-दिल्ली में शिक्षक भर्ती में गड़बड़ी को लेकर CBI ने दर्ज की FIR, पढ़ें पूरी खबर जलदाय विभाग के जेई सन्नी रोहिला ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। बुधवार देर शाम तक विभाग द्वारा लगाये गये सबमर्सिबल में जले मोटर को बदल कर कॉलोनी की पेयजल आपूर्ति बहाल कर दी जायेगी। इसके लिए कर्मचारियों को एमओ बदलने को कहा गया है। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)