जम्मू कश्मीर

नव वर्ष पर नहीं हुए सूर्यदेव के दर्शन, कोहरे और कड़ाके की ठंड ने बढ़ाई लोगों की मुश्किलें

कठुआः लगातार चौथे दिन कठुआ (Kathua) शहर में कोहरे की चादर बिछी हुई है। इसके कारण पिछले चार दिनों से लोगों को सूर्य देव के दर्शन भी नहीं हो सके हैं। इसके कारण कठुआ जिले में ठंड और बढ़ गई है। नए साल के पहले दिन सुबह से शाम तक कोहरे के कारण वाहनों के पहिए थमे रहे। शहर में कोहरे के कारण वाहन रेंगते नजर आए। कोहरे के चलते रोशनी कम होने के कारण हेडलाइट जलाकर चलना पड़ रहा है। जिले में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 10 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं, ठंड के कारण मजदूर वर्ग काम पर नहीं जा पा रहा है। ग्रामीण इलाकों में भी अधिक ठंड महसूस की जा रही है। मौसम विभाग की माने तो अगले सप्ताह भी कोहरा बना रहेगा। ये भी पढ़ें..नए साल पार्टी मनाने निकले 6 दोस्तों की दर्दनाक मौत, घर में छाया मातम

ठंड के साथ कोहरे ने बढ़ाई लोगों की परेशानी

ठंड के साथ कोहरे ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। कोहरे के कारण लोगों का सुबह घर से निकलना मुश्किल हो रहा है। सोमवार को कोहरे के कारण लोग घरों में ही दुबके रहे। सड़क पर कोहरे के कारण वाहनों की रफ्तार भी धीमी रही। दिनभर लोग जगह-जगह आग जलाकर ठंड से बचाव का उपाय करते दिखे। जिले के पहाड़ी इलाकों में हल्की बर्फबारी हुई है, जिसका पर्यटक लुत्फ उठाते नजर आए। गौरतलब है कि जम्मू कश्मीर में बढ़ी शीतलहर ने रोजमर्रा की जिदंगी को थाम दिया है। घना कोहरा यात्रा कर रहे लोगों की मुश्किलें और बढ़ा रहा है। घने कोहरे की वजह से घाटी में लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)