राजनीति हिमाचल प्रदेश

नामांकन से साथ विक्रमादित्य का शक्ति प्रदर्शन, सीएम सुक्खू ने बीजेपी को घेरा

vikramadityas-show-of-strength-with-nomination

मंडी: हिमाचल प्रदेश की हॉट लोकसभा सीट मंडी से युवा कांग्रेस नेता और कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने नामांकन दाखिल कर दिया है। उन्होंने गुरुवार को मंडी में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला समेत पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बीजेपी ने बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत को मंडी से अपना उम्मीदवार बनाया है। इस सीट पर दिलचस्प मुकाबला होने के आसार हैं। विक्रमादित्य सिंह के नामांकन के बहाने कांग्रेस ने शक्ति प्रदर्शन किया।

बीजेपी के साथ बागियों पर बोला हमला

नामांकन के बाद ऐतिहासिक सेरी मंच पर एक रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में बड़ी संख्या में लोगों को जुटाकर कांग्रेस ने अपनी राजनीतिक ताकत दिखाई। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बीजेपी नेता जयराम ठाकुर और कंगना रनौत पर बड़ा सियासी हमला बोला है। मुख्यमंत्री ने बीजेपी के साथ-साथ कांग्रेस के बागियों पर भी जमकर हमला बोला।

उन्होंने कहा कि विक्रमादित्य सिंह कांग्रेस की राजनीति के युवा हीरो हैं और अगर वे आज राजनीति में नहीं होते तो बॉलीवुड के टॉप हीरो होते। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष प्रदेश में आई आपदा में विक्रमादित्य सिंह ने लोक निर्माण मंत्री के रूप में बेहतर कार्य किया और प्रभावित लोगों के दुख-दर्द में उनके साथ रहे। उन्होंने कहा कि कंगना रनौत ने फिल्म इंडस्ट्री में बहुत नाम कमाया है, लेकिन जयराम ठाकुर उन्हें जबरदस्ती राजनीति में ले आए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला की रणनीति से डरकर जयराम ठाकुर ने चुनाव से किनारा कर लिया और उनकी जगह कंगना को मैदान में उतारा।

कांग्रेस ने काटी दागियों की टिकट

मुख्यमंत्री ने कहा कि जयराम ठाकुर ने कंगना से सिर्फ एक महीने की शूटिंग की डेट मांगी है। फिल्म का नाम है 'कंगना मंडी के अंगना' लेकिन अगर डायरेक्टर फ्लॉप हो जाए तो फिल्म का फ्लॉप होना तय है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी 2022 में जयराम ठाकुर ने 'रिवाज बदलेंगे' नाम से फिल्म बनाई थी लेकिन जनता ने इसे बदल दिया। फिर 27 फरवरी 2024 को फिल्म 'ऑपरेशन लोटस' बनाई गई, लेकिन वह फिल्म भी फ्लॉप हो गई। इसलिए इस बार भी फ्लॉप डायरेक्टर की फिल्म का फ्लॉप होना तय है।

सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि विधानसभा में जयराम ठाकुर ने कहा था कि इस सरकार को भगवान भी नहीं बचा सकते। लेकिन भगवान ने इस सरकार को बचा लिया और छह बिके हुए विधायकों को अब फिर से चुनाव लड़ना होगा। उन्होंने कहा कि यह चुनाव बेईमानी और ईमानदारी के बीच है और कांग्रेस पार्टी ने सभी साफ-सुथरी छवि वाले उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है। कांग्रेस पार्टी ने एक भी दागी को टिकट नहीं दिया है।

यह भी पढ़ेंः-नवनीत राणा के बयान पर भड़के ओवैसी, बोले- 15 सेकंड नहीं एक घंटा भी...

उन्होंने कहा कि जनता के आशीर्वाद से राज्य सरकार साढ़े तीन साल तक चलेगी और जनता की सेवा करती रहेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस से एक राज्यसभा सीट छीनने वाली पार्टी को जनता जरूर सबक सिखाएगी और चारों लोकसभा सीटें और 6 विधानसभा उपचुनाव सीटें कांग्रेस पार्टी के नाम करेगी। उन्होंने कहा कि जीवन भर संघर्ष करने के बाद वह मुख्यमंत्री पद तक पहुंचे हैं और वह युद्ध लड़ना और जीतना जानते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में बीजेपी ने कांग्रेस के छह विधायकों को खरीद लिया, जिन्होंने पार्टी से बगावत की और पार्टी को धोखा दिया। डील की दूसरी किस्त पाने के लिए ये छह विधायक एक महीने तक हिमाचल प्रदेश से बाहर घूमते रहे। जनभावनाओं से खिलवाड़ करने वाले इन 6 दागी नेताओं को सजा जरूर मिलेगी।

उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर केवल सराज के मुख्यमंत्री हैं और उन्होंने ही वहां विकास करवाया है। मंडी के अन्य विधानसभा क्षेत्रों के साथ भी भेदभाव किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा में राज्य सरकार ने सभी प्रभावित परिवारों की अपने परिवार की तरह मदद की। नेता प्रतिपक्ष ने सिराज विधानसभा क्षेत्र में सबसे ज्यादा मदद की।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)