अमेरिकी और ईरानी मुद्रा के साथ दो संदिग्ध विदेशी गिरफ्तार, पूछताछ में जुटी पुलिस

0
31

भोपाल: जिले के सिरोंज थाना पुलिस ने अमेरिकी और ईरानी मुद्रा के साथ दो संदिग्ध विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक महिला और एक पुरुष शामिल है। बताया गया कि सोमवार शाम को दोनों सिरोंज में एक ज्वैलर की दुकान पर गहने खरीदने आए थे। उन्होंने गहने खरीदने के लिए दुकानदार को डॉलर दिए लेकिन दुकानदार ने भारतीय मुद्रा देने के लिए कहा इस पर दोनों वहां से चले गए। इसके बाद दुकानदार ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने कुछ देर बाद ही दोनों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उनके पास से विदेशी मुद्रा भी बरामद की है।

इस संबंध में मंगलवार को राज्य के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने मीडिया को पूरी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विदिशा पुलिस ने सिरोंज से दो संदिग्ध विदेशी नागरिक को हिरासत में लिया है। संदिग्धों के पास से ईरान का पासपोर्ट मिला है। दुभाषिए की मदद से पुलिस संदिग्धों के बारे में अधिक जानकारी हासिल कर रही है। डॉ. मिश्रा ने बताया कि दोनों विदेशी न हिन्दी जानते है और न अंग्रेजी। ट्रांसलेटर के माध्यम से उनकी जानकारी निकाली जा रही है। दोनों की अरबी या रशियन जैसी भाषा लग रही है। पासपोर्ट और अन्य दस्तावेज ईरान के अलबुर्ज के है। यह तेहरान से दिल्ली होते हुए यहां आए है। उनके पास से अमेरिकन मुद्रा, ईरानी मुद्रा मिली है। पासपोर्ट से नाम मिलाने पर महिला का नाम अलीरेजा फलीफोर और पुरुष का नाम रॉकसोरा अंसारी है। दोनों की उम्र 52 से 55 के बीच है। ट्रांसलेटर को बुलाकर पुलिस जांच करने की कोशिश कर रही है।

प्रारंभिक जानकारी में पुलिस को बता चला है कि दोनों तीन महीने के वीजा पर भारत आए है। वह 20 दिन दिल्ली के लाजपत नगर में किसी जगह रुके हुए थे, जिस टैक्सी से यह लोग यहां आए थे, उसका भी पुलिस पता लगा रही है।

अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…