उत्तर प्रदेश Featured क्राइम

मेरठ में रिटायर्ड दरोगा की फावड़े से गला काटकर हत्या

हत्या

मेरठः किठौर थाना क्षेत्र के हसनपुर कलां गांव में सोमवार की देर रात अपनी रिश्तेदारी में आए रिटायर्ड दरोगा श्योराज सिंह की फावड़े से गला काटकर हत्या कर दी गई। इस हत्या को रिटायर्ड दरोगा के भांजे ने अंजाम दिया। श्योराज हसनपुर कलां गांव में अपने भांजे को दिए 13 लाख रुपए मांगने के लिए आए थे। बताया जा रहा है कि आरोपी ने वारदात को अंजाम देकर खुद चौकी पहुंच गया और पुलिस को घटना की जानकारी दी। फिलहाल शव को पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया गया है।

ये भी पढ़ें..पैगंबर मोहम्मद पर विवादित टिप्पणी के आरोप में भाजपा विधायक टी राजा गिरफ्तार

मिली जानकारी के मुताबिक गौतमबुद्धनगर के दनकौर थाना क्षेत्र के भट्टा पारसोल निवासी श्योराज सिंह 2012 में उप्र पुलिस से दरोगा पद से रिटायर हुए थे। वे हसनपुर कलां गांव में अपने साढू महेंद्र के यहां आए थे। महेंद्र के लड़के अंकुश पर श्योराज सिंह के 13 लाख रुपए थे। बार-बार मांगने के बाद भी अंकुश पैसे नहीं दे रहा था। सोमवार की देर रात अंकुश ने अपने मौसा श्योराज सिंह की फावड़े से काटकर हत्या कर दी। इसके बाद वह फरार हो गया। मंगलवार को घटना का पता चलने पर एसपी देहात केशव कुमार और सीओ किठौर अमित राय पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर जाकर साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने गांव से ही आरोपित अंकुश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की पूछताछ में अंकुश ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। उसके मौसा बार-बार पैसों को लेकर बेइज्जती करते थे। रात में सबने शराब पार्टी की थी। इसके बाद रात को लगभग दो बजे उसने अपने मौसा की फावड़े से काटकर हत्या कर दी। सीओ किठौर अमित राय ने बताया कि 13 लाख रुपए के लेनदेन को लेकर हत्या की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)