प्रदेश Featured टॉप न्यूज़

पैगंबर मोहम्मद पर विवादित टिप्पणी के आरोप में भाजपा विधायक टी राजा गिरफ्तार

हैदराबाद: पैगंबर मोहम्मद पर विवादित टिप्पणी के आरोप में हैदराबाद से भाजपा विधायक टी राजा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि विधायक का एक वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में आक्रोश था। उनके इस बयान की तुलना पूर्व भाजपा प्रवक्ता नुपूर शर्मा से भी की जाने लगी। विधायक के विरोध में लोग सड़क पर उतर आए और सर तन से जुदा के भी नारे लगाए। लोगों में आक्रोश को देखते हुए दबीरपुरा पुलिस ने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। हैदराबाद दक्षिण क्षेत्र के डीसीपी पी साई चैतन्य ने जानकारी दी कि बीजेपी विधायक राजा सिंह को पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ टिप्पणी के मामले में गिरफ्तार कर लिया गया है।

Mayawati ने T. Raja के बयान को बताया शर्मनाक, भाजपा को...

कई थानों के बाहर रात भर जमे रहे प्रदर्शनकारी -

पोस्ट वायरल होने के बाद देर रात में ही दबीरपुरा, भवानी नगर, मिचौक, रेनबाजार में लोग पुलिस स्टेशनों के सामने पहुंच गए और प्रदर्शन करने लगे। प्रदर्शनकारियों ने कई थाना क्षेत्रों के बाहर रातभर धरना दिया। यह प्रदर्शनकारी विधायक राजा सिंह की गिरफ्तार की मांग कर रहे थे। प्रदर्शन करने वालों में मजलिस पार्टी के विधायक भी रहे। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने आश्वासन दिया कि वे इस पर उचित कार्रवाई करेंगे। इसके बाद मंगलवार को टी राजा सिंह के खिलाफ पुलिस ने कई धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। बताया गया कि छह मिनट तैंतीस सेकेंड का यह वीडियो भाजपा विधायक टी राजा सिंह ने खुद शूट करवाया था। 

क्या है विवादित वीडियो में -

विधायक टी राजा सिंह का वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। लोगों ने उनके बयान को पैगंबर मोहम्मद का अपमान बताया और उनकी गिरफ्तारी की मांग की। वीडियो में उन्होंने मुनव्वर फारूकी पर भी टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा, ''एक कॉमेडियन है, जो थर्ड क्लास कॉमेडी करता है और हिंदुओं, भाजपा के बड़े अधिकारियों को टारगेट करता है। भगवान रामचंद्र और सीता मैया के बारे में अपशब्द कहता है...। वीडियो में वह कह रहे हैं, ''जो जिस भाषा में सुनेगा, उसे टी राजा सिंह उसी भाषा में जवाब देगा। मेरा ऐसा कोई उद्देश्य नहीं था, लेकिन इसकी वजह है कि एक व्यक्ति ने मेरे राम और मेरी सीता माता के बारे में अपशब्द कहे और हमारे भगवानों पर कॉमेडी की। इसलिए आज मजबूरन मुझे भी ये कॉमेडी करनी पड़ रही है। ...विचार करें।''

मुनव्वर फारूकी को दी थी धमकी -

इससे पहले भी विधायक तब चर्चा में आ गए थे, जब उन्होंने काॅमेडियन मुनव्वर फारूकी को धमकी दी थी। दरअसल, कुछ दिनों पहले ही मुनव्वर फारूकी एक कार्यक्रम के सिलसिले में हैदराबाद आए थे। सूत्रों की मानें तो, तब टी राजा ने उन पर हिंदू देवी-देवताओं पर मजाक बनाने के आरोप में उनके शो को रद्द कराने की मांग की थी, तब उनको हाउस अरेस्ट कर दिया गया था।

गिरफ्तारी से पहले दी सफाई -

गिरफ्तारी से पहले भाजपा विधायक टी राजा सिंह ने अपने बयान पर सफाई भी दी है। उन्होंने कहा है कि हर एक्शन का रिएक्शन होता है। मेरे खिलाफ केस दर्ज क्यों किया गया। क्या हमारे राम, राम नहीं हैं। माता-सीता हमारी मां नहीं है। अगर है तो एकतरफा कार्रवाई क्यों। उन्होंने कहा कि इसी वीडियो के दूसरा भाग भी वे अपलोड करेंगे और धर्म की जीत होगी।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)