देश Featured क्राइम

Ranchi: असामाजिक तत्वों ने मंदिर में की तोड़फोड़, लोगों में आक्रोश, छावनी में तब्दील हुआ इलाका

रांचीः झारखंड की राजधानी रांची में असामाजिक तत्वों ने मंदिर को निशाना बनाया। यहां के मल्लाह टोली में एक धार्मिक स्थल पर कुछ असामाजिक तत्वों ने मंगलवार देर रात तोड़फोड़ की है। असामाजिक तत्वों ने मंदिर में स्थापित प्रतिमा को भी क्षतिग्रस्त कर दिया है। क्षेत्र के लोगों को इसकी जानकारी बुधवार सुबह हुई। इस घटना से लोगों में आक्रोश हैं। जानकारी होने के बाद वहां भीड़ जमा हो गई।

ये भी पढ़ें..Rajasthan का घमासान दिल्ली शिफ्ट, गहलोत के करीबी 3 नेताओं को कारण बताओ नोटिस

पूरा इलाका छावनी में तब्दील, जांच में जुटी पुलिस

अशांति की आशंका के मद्देनजर पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है। कोतवाली डीएसपी, सिटी डीएसपी,थाना प्रभारी ने मौके का निरीक्षण किया है। हिंदू नेता भैरव सिंह कार्यकर्ताओं के साथ मंदिर पहुंचे। उन्होंने देव प्रतिमा को खंडित करने की कड़े शब्दों में निंदा की है। मंदिर का निरीक्षण करने पहुंचे एसएसपी किशोर कौशल का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे हैं। एक आरोपित को पकड़ लिया गया है। वह मानसिक रोगी बताया गया है। दुर्गा पूजा और दशहरा के मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। अब 2,000 जवानों की अतिरिक्त तैनाती की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि एक ओर जहां पूरे प्रदेश में हर जगह दुर्गा पूजा की धूम है, और हर तरफ मां दुर्गा की आगमन को लेकर बड़े-बड़े और भव्य पंडालों का निर्माण किया जा रहा है। तो दूसरी तरफ एक मंदिर में तोड़फोड़ के बाद बढ़ते तनाव और दो समुदाय के बीच टकराव की स्थिति से निपटने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बलों की तैनाती रांची के मेन रोड पर कर दी गई है। गौरतलब है कि राजधानी में 10 जून को भाजपा की निलंबित नेत्री नूपुर शर्मा के बयान को लेकर हुए प्रदर्शन और हिंसा के दौरान पुलिस को लाठीचार्ज और गोली चलानी पड़ी थी। इस घटना में दो युवकों की मौत हो गयी थी और 20 से अधिक लोग घायल हो गए थे।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)