प्रदेश उत्तर प्रदेश Featured राजनीति

मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव हुआ रोमांचक, रघुराज सिंह शाक्य देंगे डिम्पल यादव को कड़ी टक्कर

इटावाः यूपी की मैनपुरी लोकसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने रघुराज सिंह शाक्य को प्रत्याशी घोषित किया है। रघुराज सिंह शाक्य पूर्व में दो बार सांसद और एक बार विधायक रह चुके हैं। जनता के बीच में साफ-सुथरी छवि को देखते हुए भाजपा ने उन पर भरोसा जताया है। टिकट का ऐलान होने के बाद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रघुराज सिंह शाक्य को बधाई देते हुए जीत की अग्रिम शुभकामनाएं देना शुरू कर दिया है।

रघुराज सिंह शाक्य समाजवादी पार्टी से इटावा लोकसभा सीट से दो बार सांसद और इटावा सदर विधानसभा सीट से एक बार विधायक रह चुके हैं। इटावा और मैनपुरी क्षेत्र में लोगों के प्रति अपने स्वभाव और सरल व्यवहार के चलते वह लोकप्रिय है। रघुराज सिंह शाक्य को बीजेपी से मैनपुरी लोकसभा की टिकट मिलने पर पार्टी के शीर्ष नेताओं और कार्यकारिणी का धन्यवाद दिया है। रघुराज सिंह शाक्य ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और शिवपाल यादव के बीच रिश्ते खराब होने के बाद शिवपाल के राजनैतिक दल प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रासपा) से जुड़े।

ये भी पढ़ें..BJP का कांग्रेस पर बड़ा आरोप, कहा-फर्जी खबरें फैलाकर देश को...

इसके बाद विगत विधानसभा चुनाव से पहले रघुराज सिंह शाक्य प्रसपा का दामन छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गए थे। मैनपुरी लोकसभा सीट पर जातिगत समीकरणों को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने रघुराज पर भरोसा जताया है। मैनपुरी लोकसभा सीट पर शाक्य मतदाता निर्णायक भूमिका में रहते हैं और जसवंतनगर विधानसभा सीट क्षेत्र के धौलपुर खेड़ा गांव के निवासी होने के चलते बीजेपी ने रघुराज सिंह शाक्य को सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद रिक्त हुई मैनपुरी लोकसभा सीट पर होने जा रहे उपचुनाव में उतारा है। रघुराज को टिकट मिलने के बाद समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी डिम्पल यादव के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।

अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक औरट्विटरपर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…