राष्ट्रपति मुर्मू को PM मोदी-अमित शाह और राजनाथ समेत नेताओं ने दी जन्मदिन की बधाई

56
president-murmu-66th-birthday

Draupadi Murmu Birthday, नई दिल्लीः राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का आज 66वां जन्मदिन है। अपने जन्मदिन पर राष्ट्रपति मुर्मू ने आज दिल्ली के जगन्नाथ मंदिर में जाकर पूजा-अर्चना की। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई मंत्रियों और नेताओं ने उन्हें बधाई दी। नेताओं ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को जन्मदिन की बधाई दी साथ ही उनकी लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।

20 जून 1958 को हुआ राष्ट्रपति मुर्मू का जन्म

बता दें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का जन्म ओडिशा के मयूरभंज जिले के उपरबेड़ा गांव में एक संथाल आदिवासी परिवार में 20 जून 1958 को हुआ था। मूर्मू ने 25 जुलाई 2022 को राष्ट्रपति पद की शपथ ली। इससे पहले वह झारखंड की राज्यपाल थीं। द्रौपदी मुर्मू का प्रारंभिक जीवन कठिनाइयों और संघर्षों से भरा था। गांव के स्कूल से प्राथमिक शिक्षा पूरी करने के बाद मुर्मू आगे की पढ़ाई के लिए भुवनेश्वर चली गईं। उन्होंने भुवनेश्वर के रमादेवी महिला महाविद्यालय से कला स्नातक की डिग्री प्राप्त की। वह कॉलेज जाने वाली अपने गांव की पहली लड़की बनीं। इसके बाद उन्होंने फिर कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा।

नेताओं ने दी राष्ट्रपति को जन्मदिन की बधाई

राष्ट्रपति मुर्मू को बधाई देते हुए पीएम मोदी ने एक्स हैंडल पर लिखा, “राष्ट्रपति जी को जन्मदिन (Draupadi Murmu Birthday) की हार्दिक शुभकामनाएं। राष्ट्र के प्रति उनकी अनुकरणीय सेवा और समर्पण हम सभी को प्रेरित करता है। गरीबों और वंचितों की सेवा करने पर उनका ज्ञान और जोर एक मजबूत मार्गदर्शक शक्ति है। उनकी जीवन यात्रा करोड़ों लोगों को उम्मीद देती है। भारत उनके अथक प्रयासों और दूरदर्शी नेतृत्व के लिए हमेशा उनका आभारी रहेगा। उन्हें दीर्घायु और स्वस्थ जीवन का आशीर्वाद मिले।

मंत्री अमित शाह ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की दीर्घायु होने की कामना करते हुए लिखा, “राष्ट्रपति जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। राष्ट्र के विकास और समाज के गरीब व वंचित वर्ग के उत्थान के प्रति उनका समर्पण सभी के लिए प्रेरणादायी है। मैं ईश्वर से उनके अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करता हूं।”

ये भी पढ़ेंः- PM Modi srinagar visit: पीएम मोदी आज शाम पहुंचेंगे कश्मीर, कई परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन-शिलान्यास

वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी एक्स हैंडल पर राष्ट्रपति को शुभकामनाएं भेजी हैं। उन्होंने लिखा, “राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को उनके जन्मदिन पर बधाई और शुभकामनाएं। भारत के सर्वांगीण विकास के उनके विजन का व्यापक सम्मान किया जाता है। भारत को उनकी अंतर्दृष्टि और योगदान से बहुत लाभ हुआ है। समाज के गरीबों और कमजोर वर्गों के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए उनका जुनून सराहनीय है। मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना करता हूं।”

देश की दूसरी महिला राष्ट्रपति

गौरतलब है कि अपने जन्मदिन पर मिल रहे बधाई संदेशों के बीच राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सुबह सबसे पहले दिल्ली स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर में दर्शन किए और देशवासियों के कल्याण की प्रार्थना की। उल्लेखनीय है कि प्रतिभा पाटिल के बाद द्रौपदी मुर्मू देश की दूसरी महिला और पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति हैं।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)