Featured आस्था

अब 77 वर्षो तक 15 जनवरी को मनाया जाएगा मकर संक्रांति का पर्व, जानें क्यों हुआ ये परिवर्तन

makar-sankranti

प्रयागराजः मकर संक्रांति का पर्व अब पूरी शताब्दी यानी करीब 77 वर्ष तक 15 जनवरी को ही पड़ेगा। यह संयोग पृथ्वी के अयनांश में परिवर्तन के कारण बन रहा है। पृथ्वी का अपनी धुरी पर जो झुकाव है, उसमें थोड़ा परिवर्तन हुआ है। इसके चलते 21वीं शताब्दी के बचे वर्षों में 14 जनवरी की रात अथवा 15 जनवरी के भोर में ही सूर्य मकर राशि में प्रवेश करेगा।

इस तरह आगामी करीब 77 साल तक मकर संक्रांति का पर्व 15 जनवरी को ही पड़ने की संभावना बलवती है। इस पहले यह त्योहार 14 जनवरी को ही पड़ता रहा है। इस साल सूर्य का मकर राशि में प्रवेश 14 जनवरी की रात 8.21 बजे हुआ। पंचांग के अनुसार पर्व उदया तिथि में मनाए जाते हैं, इसलिए मकर संक्रांति का स्नान और दान रविवार को है। उधर, तीर्थराज प्रयाग में चल रहे माघ मेले में 14 जनवरी को भी मकर संक्रांति का स्नान हुआ।

ये भी पढ़ें..मदुरै-दिल्ली इंडिगो फ्लाइट में अचानक बीमार पड़ा शख्स, इमरजेंसी लैंडिंग के...

मेला प्रशासन के अनुसार शनिवार शाम छह बजे तक 14 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने संगम समेत गंगा के विभिन्न स्नान घाटों पर डुबकी लगाई। मकर संक्रांति का पुण्य काल रविवार को है। इसलिए आज भोर से ही संगम सहित अन्य घाटों पर भीड़ है। मेला प्रशासन ने मकर संक्रांति के स्नान को लेकर पुख्ता इंतजाम किया है। पूरे मेला क्षेत्र में संगम समेत 15 स्नान घाट बनाए गए हैं।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)