MP IAS Transfer: सात आईएएस अधिकारियों के तबादले, भोपाल-इंदौर कलेक्टर बदले गए

19
IAS officers transferred

MP IAS Transfer: मध्य प्रदेश सरकार ने एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के सात अधिकारियों का तबादला कर उन्हें नये पदों पर पदस्थ किया है। इनमें इंदौर-भोपाल के कलेक्टर बदले गए हैं। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने शुक्रवार को आदेश जारी कर दिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की संभागीय बैठक से पहले रीवा संभाग के कमिश्नर अनिल सुचारी को भी हटा दिया गया है।

आशीष सिंह को इंदौर का बनाया गया कलेक्टर

जारी आदेश के मुताबिक भोपाल कलेक्टर आशीष सिंह को इंदौर का बनाया गया है, जबकि उनकी जगह मध्य प्रदेश पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक कौशलेंद्र विक्रम सिंह को भोपाल का नया कलेक्टर बनाया गया है। इंदौर कलेक्टर इलैया राजा टी को मध्य प्रदेश पर्यटन विकास निगम का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। वह पहले भी यह जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज रीवा दौरे पर पहुंचे हैं। वे वहां संभागीय बैठक करने वाले हैं। इससे पहले भी रीवा संभाग के कमिश्नर अनिल सुचारी को हटाया जा चुका है। उनकी जगह चिकित्सा शिक्षा विभाग के आयुक्त गोपाल चंद्र डाड को रीवा संभाग का नया आयुक्त बनाया गया है। उनके पास शहडोल संभाग का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा। सुचारी को सामान्य प्रशासन विभाग में सचिव पद पर पदस्थ किया गया है। वहीं, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव संजय गुप्ता को श्रम आयुक्त नियुक्त किया गया। इसी तरह श्रमायुक्त श्रीकांत बनोठ को अब भोपाल विकास सह-आयुक्त, सह-संचालक के साथ-साथ नगर एवं ग्रामीण निवेश की भी जिम्मेदारी दी गई है।

यह भी पढ़ें-पटना HC को बम से उड़ाने की धमकी, रजिस्ट्रार जनरल को मिला ईमेल

भोपाल कलेक्टर बने कौशलेंद्र 

आशीष सिंह पहले इंदौर नगर निगम के आयुक्त रह चुके हैं। उनके कार्यकाल में ही इंदौर देश में स्वच्छता में नंबर वन बना था। जब उज्जैन में कोरोना की स्थिति बिगड़ी तो आशीष सिंह को उज्जैन कलेक्टर बनाकर भेजा गया, जहां उन्होंने स्थिति को संभाला। वहीं, कौशलेंद्र विक्रम सिंह को 2023 में एक दिन के लिए भोपाल कलेक्टर बनाया जा चुका है। लेकिन ओंकारेश्वर में शंकराचार्य की प्रतिमा स्थापना के महत्वपूर्ण कार्य के कारण उनका भोपाल कलेक्टर का आदेश रद्द कर दिया गया था। उन्हें एमडी पर्यटन निगम की जिम्मेदारी दी गई। इसके बाद उनकी जगह आशीष सिंह को भोपाल का कलेक्टर बनाया गया। एक बार फिर कौशलेंद्र को भोपाल कलेक्टर नियुक्त किया गया है। वे पहले ग्वालियर कलेक्टर भी रह चुके हैं।

कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने शुक्रवार को ही भोपाल कलेक्टर का पदभार भी ग्रहण कर लिया है। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने समाहरणालय सभाकक्ष में अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने भोपाल संभागायुक्त पवन शर्मा से भी सौजन्य मुलाकात की।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)