‘अति आत्मविश्वास के कारण हारे घोसी उपचुनाव’, केशव प्रसाद मौर्य ने किया स्वीकार

0
13

keshav-prasad-maurya

बहराइचः उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने घोसी उपचुनाव में हार स्वीकार करते हुए साफ कहा कि अतिआत्मविश्वास के कारण हम घोसी उपचुनाव हारे। लेकिन हार को जीत में बदलने में समय नहीं लगता है। पार्टी संगठन इस हार की समीक्षा करेगा। केशव मौर्य ने सपा पर पलटवार करते हुए यह भी कहा कि हम मऊ लोकसभा चुनाव जरूर जीतेंगे।

उन्होंने तंज कसते हुए यह भी कहा कि मुख्यमंत्री रहते हुए अखिलेश यादव चुनाव हार गये। 2022 हार गये। अगला चुनाव बुरी तरह हारेंगे। साथ ही अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि जिस तरह से वह एक सीट जीतने के बाद गुब्बारे की तरह फूल गए हैं, अगले ही चुनाव में जनता उनकी हवा निकाल देगी।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य रविवार को बहराइच पहुंचे। वह सबसे पहले पार्टी कार्यालय गये। इसके बाद विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि मैं भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता हूं। मैं जिस भी जिले में जाता हूं सबसे पहले भाजपा कार्यालय जाता हूं। मैं उपमुख्यमंत्री बाद में हूं, पहले भाजपा का सिपाही हूं। इसलिए मुझमें और कार्यकर्ताओं में कोई अंतर नहीं है। मैं उन्हें यही आश्वासन देने आया हूं।

ये भी पढ़ें..लोकसभा चुनाव में भाजपा का नहीं खुलेगा खाता, रामगोविंद चौधरी बोले-घोसी…

जी-20 सम्मेलन को लेकर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि जी-20 की ऐतिहासिक सफलता के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई। आज पूरे विश्व में भारत का मान बढ़ा है। जब देश का सम्मान बढ़ता है तो सिर्फ प्रधानमंत्री का ही सम्मान नहीं बढ़ता बल्कि पूरे देश के नागरिकों का भी सम्मान बढ़ता है। जो काम कांग्रेस वर्षों में नहीं कर सकी, वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मात्र नौ वर्षों में कर दिखाया है। जिसके कारण आज पूरे देश में एक ही आवाज गूंज रही है, अबकी बार फिर मोदी सरकार।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)