उत्तर प्रदेश Featured

भारत के रोम-रोम में बसा है लोकतंत्रः केशव प्रसाद मौर्य

  लखनऊ: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भारत के रोम रोम में लोकतंत्र रचा,बसा है। लोकतंत्र सेनानी हमें विसंगतियों से लड़ने की प्रेरणा देते हैं। लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान पर आंच नहीं आने दी जाएगी। केशव प्रसाद मौर्य बुधवार को लोकतंत्र सेनानी संघ के तत्वावधान में विशेश्वरैया सभागार में लोक नायक जयप्रकाश नारायण की जयंती पर 'भारतीय लोकतंत्र का आपातकाल' विषय पर आयोजित संगोष्ठी को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उपमुख्यमंत्री ने लोकनायक जय प्रकाश नारायण और नाना जी देशमुख को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि आपातकाल के दौरान लोकतंत्र सेनानियों द्वारा किया गया संघर्ष आज की पीढ़ी को प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों द्वारा लोकतंत्र की रक्षा के लिए जलाई गई लौ को कभी बुझने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र सेनानी लोकतंत्र के सजग प्रहरी हैं। लोकतंत्र सेनानी संघ द्वारा दिए गए मांग पत्र के एक-एक बिंदु पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। मानदेय बढ़ाने की मांग उचित मंच पर रखी जाएगी और इसे बढ़ाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार देश के उन महान नायकों के सपनों को पूरा करने के लिए उसी परंपरा का पालन कर रही है, जिसके आधार पर उन्होंने देश की समृद्धि का मार्ग प्रशस्त किया था। उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से प्रकाश डाला। वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जीवन यात्रा, उनके संघर्ष और उनके जीवन से जुड़ी प्रेरक घटनाओं का स्मरण करते हुए कहा कि यदि हम सब उनके विचारों को आत्मसात करेंगे तो हमारा आत्मविश्वास भी बढ़ेगा। उन्होंने कहा सरकार की हर योजना के मूल में गरीब हैं। मोदी जी के नेतृत्व में विश्व में भारत का सम्मान बढ़ा है। यह भी पढ़ेंः-Navratri Song: देवी की भक्ति में झूमीं अक्षरा, ‘गवेली गितिया बिटिया लागेली सुनरी’ रिलीज कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह सिंह ने लोकतंत्र सेनानियों के हितों के लिए सरकार द्वारा किए गए कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। पूर्व मंत्री एवं राज्यसभा सदस्य एवं लोकतंत्र सेनानी एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक बाजपेयी ने आपातकाल के दौरान लोकतंत्र सेनानियों द्वारा किये गये संघर्ष के बारे में प्रेरक विचार व्यक्त किये। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)