Featured हेल्थ

सात राज्यों में बर्ड फ्लू की पुष्टि, मांस-अंडा खरीदने, खाने से पहले इन बातों का रखें विशेष ध्यान

नई दिल्लीः बर्ड फ्लू ने अपना प्रकोप दिखाना शुरू कर दिया है। अब तक सात राज्य बर्ड फ्लू की चपेट में आ चुके हैं। इन राज्यों में बर्ड फ्लू या ‘एवियन इंफ्लूएंजा’ के प्रकोप की पुष्टि भी हो चुकी है। वहीं अब तक इससे 1200 से अधिक पक्षियों की मौत हो चुकी है। उत्तर प्रदेश के अतिरिक्त केरल, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और गुजरात में बर्ड फ्लू की पुष्टि हो चुकी है। मत्स्यपालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय ने प्रभावित राज्यों को इस रोग को रोकने के लिए किये जाने वाले उपायों का परामर्श जारी किया है।

बर्ड फ्लू के प्रकोप से बचने के लिए सभी को कुछ उपायों को मानना होगा। बर्ड फ्लू की चपेट में आने वाले लोगों को खांसी, डायरिया, रेस्पिरेटरी में परेशानी, बुखार, सिरदर्द, मांसपेशियों में दर्द, बेचैनी, नाक बहना या गले में खराश की समस्या हो सकती है। इस लिए यदि आप मांस और अंडे का सेवन करते हैं तो आपको इन्हें खरीदने से पहले हाथों में ग्लव्स और मुंह पर मास्क जरूर लगाना चाहिए। कच्चा मांस या अंडा के सेवन से आप इस वायरस की चपेट में आ सकते हैं।

यह भी पढ़ेंः-नाश्ते में गर्मागर्म मटर के समोसे से बेहतर कुछ भी नहीं, जानें बनाने की विधि

इसलिए यह जरूरी है कि मांस और अंडे को अच्छे से पका कर ही खायें। क्योंकि यह वायरस 100 डिग्री सेल्सियस के ताप पर नष्ट हो जाता है। साथ ही इस बात का विशेष ख्याल रखें कि किसी भी चीज को छूने के बाद हाथों को तुरंत सैनिटाइज करें। पोल्ट्री फार्म और वहां काम करने वाले लोगों से दूर रहें। कई लोगों को हाफ बॉइल अंडा पसंद होता है, लेकिन इस समय इस वायरस के बचने के लिए इस बात का विशेष ख्याल रखें कि अंडा अच्छी तरह से उबले हुए हो।