प्रदेश मध्य प्रदेश

दिसम्बर में पड़ेगी कड़ाके की ठंड, इन जिलों में 05 डिग्री से भी नीचे रहेगा पारा

भोपालः मध्यप्रदेश में दिसम्बर में कड़ाके की ठंड पड़ेगी। इससे पूरा प्रदेश ठिठुर जाएगा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 5 दिसंबर के बाद ठंड का असर बढ़ेगा। जबलपुर और ग्वालियर सबसे ज्यादा ठंडे रहेंगे, तो भोपाल-इंदौर में भी ठंड का असर रहेगा। हिल स्टेशन पचमढ़ी और नौगांव में पारा 5 डिग्री के नीचे रहने के आसार है। वहीं, प्रदेश के अधिकांश शहरों में पारा 8 डिग्री के नीचे ही रहने की संभावना है।

मौसम विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार हिमालय से आ रही उत्तरी हवाओं के कारण दो-तीन दिन से भोपाल, इंदौर समेत प्रदेशभर में तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। दो-तीन दिन और ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है, लेकिन इसके बाद पारा तेजी से गिरेगा और कड़ाके की ठंड पड़ेगी। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि हवाएं उत्तरी होने के कारण प्रदेश भर में कई इलाकों में तापमान गिर रहा है। हिमालय पर अभी उम्मीद के मुताबिक बर्फबारी नहीं हुई है। ऐसा ईरान से हवाएं नहीं आने के कारण हो रहा है। अब तक स्ट्रॉन्ग विंड सिस्टम नहीं बनने के कारण तापमान में ज्यादा गिरावट दर्ज नहीं की गई है। अब 5 दिसंबर से अच्छी ठंड पड़ने की उम्मीद है। तब न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार दिसम्बर के पहले सप्ताह से ठंड जोर पकड़ेगी। सबसे ज्यादा ठंड ग्वालियर और जबलपुर के साथ बुंदेलखंड के इलाकों में रहेगी। इसके अलावा, रायसेन और भोपाल में भी अच्छी ठंड पड़ सकती है। उज्जैन और इंदौर में हवा के रुख पर ठंड के तेवर निर्भर हैं। अभी इंदौर में हवाएं नार्दनली होने के कारण तापमान ज्यादा नीचे नहीं जा पा रहा है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)