देश

सीएम सुक्खू बोले, कांग्रेस से दगा करने वालों को चुनाव में नहीं मिलेगी जीत

blog_image_6623ce055001f

शिमला: वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि भाजपा ने साजिश रचकर प्रदेश की कांग्रेस सरकार को अस्थिर करने का असफल प्रयास किया है और इससे उसका असली चेहरा देश और प्रदेश के सामने उजागर हो गया है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी से गद्दारी करने वाला कोई भी नेता कभी नहीं जीतेगा। प्रदेश की चारों लोकसभा और छह विधानसभा उपचुनावों में भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ेगा। इसके लिए उन्होंने पार्टी के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव लड़ने को कहा।

सुक्खू शनिवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में शिमला संसदीय क्षेत्र के पार्टी पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस बार पार्टी ने मंडी और शिमला संसदीय क्षेत्रों में दो नए अनुभवी और ऊर्जावान नेताओं को मैदान में उतारा है और जल्द ही पार्टी शेष दो संसदीय क्षेत्रों के लिए भी अपने चेहरों की घोषणा करेगी।

लोकतंत्र को लूटने नहीं दिया जाएगा

सुक्खू ने कहा कि उन्होंने सदैव चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना किया है। उन्होंने कहा कि धनबल से लोकतंत्र को लूटने नहीं दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास जनशक्ति है। उन्होंने कहा कि राज्य में धनबल के जरिए सरकार को अस्थिर करने की बीजेपी की नाकाम कोशिश को अब इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।

यह भी पढ़ें-रायबरेलीः बिना सेना नायक के ही चुनाव का युद्ध लड़ रही हर दल की सेनाएं

शिमला संसदीय क्षेत्र के प्रभारी एवं शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि इस संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस काफी मजबूत स्थिति में है। उन्होंने कहा कि इस संसदीय क्षेत्र से तीन मुख्यमंत्री डॉ।यशवंत सिंह परमार, ठाकुर रामलाल और वीरभद्र सिंह हुए हैं। उन्होंने कहा कि पिछली बार भले ही हम पिछड़ गये थे, लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस यह सीट भारी बहुमत से जीतेगी। उन्होंने कहा कि जनमत कांग्रेस के साथ है और धनबल की पराजय होगी।

लोकसभा की सभी सीटें जीतेगी कांग्रेस-प्रतिभा सिंह

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने सभी पदाधिकारियों से एकजुट होकर काम करने को कहा। उन्होंने कहा कि शिमला संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस काफी मजबूत स्थिति में है और इसी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरना है। उन्होंने सभी नेताओं और पदाधिकारियों से भाजपा के किसी भी झूठे प्रचार का मुंहतोड़ जवाब देने का आह्वान करते हुए दावा किया कि वह राज्य की सभी चार लोकसभा सीटों के साथ-साथ छह विधानसभा उपचुनाव भी जीतेगी।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)