Featured राजस्थान राजनीति

Bharat Jodo Yatra: राहुल गांधी ने भाजपा दफ्तर पर खड़े लोगों को दिया फ्लाइंग किस, मिला ये रिएक्शन

झालावाड़ः राजस्थान में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का मंगलवार को दूसरा दिन है। झालावाड़ के खेल संकुल से सुबह करीब छह बजे शुरू हुई यात्रा ने सुबह नौ बजे तक नौ किलोमीटर का सफर पूरा किया है। यात्रा जब जिला भाजपा कार्यालय के सामने से निकली तो राहुल का रिएक्शन देखकर सभी मुस्करा दिए। भाजपा ऑफिस पर भी कई लोग यात्रा को देखने के लिए सुबह से ही जमे हुए थे। राहुल की नजर जब उन पर पड़ी तो उन्होंने फ्लाइंग किस देकर लोगों का अभिवादन किया।

ये भी पढ़ें..राजस्थान के इन किलों में राॅयल अंदाज में रचाएं शादी, जानें एक दिन का खर्च

दोपहर बाद भारत जोड़ो यात्रा झालावाड़ से कोटा जिले में प्रवेश करेगी। यात्रा में आज करीब 23 किलोमीटर का सफर तय किया जाएगा। अगले चार दिन यह यात्रा कोटा जिले में रहेगी। आज की यात्रा में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा भी सुबह से ही साथ चल रहे हैं। उनके अलावा केंद्रीय नेतृत्व से केसी वेणुगोपाल सहित दूसरे नेता भी हैं। भारत जोड़ो यात्रा ने राजस्थान एंट्री के पहले दिन 34 किलोमीटर का सफर तय किया था।

इस दौरान प्रदेश के सभी बड़े नेता मौजूद थे। आज सुबह भी यात्रा के शुरुआती पॉइंट से सभी बड़े नेता साथ हैं। नौ दिसंबर को यात्रा का ब्रेक रहेगा। इससे पहले सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के निर्वाचन क्षेत्र वाले झालावाड़ जिले में भीड़ जुटाकर कांग्रेस ने सियासी ताकत दिखाने का प्रयास किया। यात्रा के दौरान राहुल गांधी सॉफ्ट हिंदुत्व पर फोकस कर रहे हैं। यात्रा के रूट में आने वाले कुछ मंदिरों में भी जा सकते हैंं। राहुल गांधी ने एक दिन पहले ही जय सियाराम और हे राम नारे को लेकर भाजपा-आरएसएस को निशाने पर लिया था। उन्होंने कहा भाजपा को जय सियाराम बोलना ही पड़ेगा। इस पर सियासी विवाद भी हुआ था।

सुबह छह बजे यात्रा झालावाड़ के खेल संकुल से शुरू हुई। यात्रा सुबह 10 बजे झालरापाटन के देवरी घाटा पहुंची। देवरीघाटा में यात्रा का लंच ब्रेक हुआ। इसके बाद 3.30 बजे कोटा के सुकेत से यात्रा का दूसरा फेज शुरू होगा। शाम 6:30 बजे बजे यात्रा रामंगज के हिरिया खेडी पहुंचेगी। यहां यात्रा का आखिरी कार्यक्रम होगा। इसके बाद दर्रा के मोरू कलां खेल मैदान में यात्रा का रात्रि विश्राम होगा। राहुल गांधी यात्रा के दौरान चुनिंदा किसानों, मजदूरों और सामाजिक कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। झालावाड़ जिले में पहले दिन भी राहुल गांधी ने कई सामाजिक कार्यकर्ताओं, किसानों से मुलाकात की थी।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)