देश Featured

Women's Asian Champions Trophy 2023: सीएम हेमंत सोरेन ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित

women-asian-championship Women's Asian Champions Trophy 2023: रांची: महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2023 में भाग लेने वाले भारत, जापान, चीन, दक्षिण कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड के खिलाड़ियों के सम्मान में राज्य सरकार की ओर से राजधानी रांची के जैप-1 परिसर के सभागार में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर मंत्री हेमंत सोरेन शामिल हुए। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में पहली बार इस तरह की अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। आप सभी के सहयोग से हम इस आयोजन को शानदार एवं भव्य बनाने में सफल रहे। भविष्य में भी ऐसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताएं यहां हों, इसके लिए सरकार सदैव तत्पर रहेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड के पास अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन का कोई अनुभव नहीं था लेकिन जब हमें महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी का मौका मिला तो हमने इसे सहर्ष स्वीकार कर लिया। मेरा मानना है कि इस तरह का आयोजन खेल और खिलाड़ियों के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।

युवाओं का खेलों के प्रति रुझान बढ़ेगा

मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से निश्चित रूप से यहां के युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ेगी। वह खेलों से जुड़ेंगे और अपने प्रदर्शन से राज्य व देश का नाम रोशन करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड भले ही छोटा राज्य है, लेकिन इसमें काफी संभावनाएं हैं।सीएम हेमंत सोरेन ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित खनिजों के साथ-साथ यहां के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलों में भी सदैव अच्छा प्रदर्शन किया है। सरकार यहां की खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें मंच उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। यह भी पढ़ेंः-महिला आरक्षण बिल को तुरंत लागू करने की मांग सुप्रीम कोर्ट में खारिज

भारतीय पुरुष हॉकी टीम के खिलाड़ियों को किया सम्मानित

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हाल ही में हांगझू में आयोजित एशियाई खेल-2022 में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारती हॉकी टीम के खिलाड़ियों को सम्मानित किया। सम्मानित होने वाले खिलाड़ियों में भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह, पी आर श्रीजेश, गुरजन सिंह, मनदीप सिंह, वरुण कुमार और कोच क्रेग फुल्टन शामिल हैं।

कलाकारों ने नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया

इस मौके पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में झारखंड की लोक कला का अद्भुत संगम देखने को मिला। कलाकारों ने नागपुरी, संताली, मुंडारी, उराँव, खड़िया, मानभूम छऊ, पाइका और हॉकी थीम पर आधारित नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में खेल मंत्री हफीजुल हसन, फेडरेशन ऑफ इंटरनेशनल हॉकी के अध्यक्ष तैयब इकराम, हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप तिर्की, महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2023 रांची- आयोजन समिति के अध्यक्ष सह अपर मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी, हॉकी इंडिया और हॉकी झारखंड के पदाधिकारी उपस्थित थे। अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)