उत्तर प्रदेश Featured

कोरोना टीकाकरण के शुभारम्भ पर बोले योगी-आज उमंग का दिन, अफवाहों से बचें

लखनऊः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान के बाद पूरे देश सहित प्रदेश में शनिवार को कोरोना के खिलाफ टीकाकरण अभियान का शुभारम्भ हो गया। टीकाकरण के पहले दिन उत्तर प्रदेश में 31,700 स्वास्थ्यकर्मियों को टीके लगाए जा रहे हैं। प्रदेश के सभी 317 केन्द्रों पर चिकित्सकों के साथ पैरामेडिकल स्टाफ को कोरोना वैक्सीन लगाई जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजधानी के बलरामपुर अस्पताल में टीकाकरण अभियान का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने आज के दिन को नए उत्साह और उमंग का दिन बताने के साथ वैक्सीन को लेकर अफवाह फैलाने वाले स्वार्थी तत्वों से सतर्क रहने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत के अन्दर कोरोना के खिलाफ इस लड़ाई को अंतिम प्रहार करने की दृष्टि से आज वैक्सीनेशन का कार्यक्रम हो रहा है। इससे पहले हम लोगों ने तीन चरणों में प्रदेश के अंदर ड्राई रन कार्यक्रम सफलतापूर्वक संचालित किए। वह स्वयं इन सभी चरणों में अलग-अलग स्थानों पर गए थे और आज लखनऊ के बलरामपुर अस्पताल में आए। मुख्यमंत्री ने बताया कि अस्पताल में 102 स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन दिया जाना है और इस क्रम में अभी तक 15 लोगों ने वैक्सीन ले ली है। इसमें वह लोग भी हैं जिन्हें आधा घंटा से अधिक समय हो चुका है। ये सभी पूरी तरह से आराम महसूस कर रहे हैं। इन्हें किसी भी प्रकार की कोई समस्या नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत पहला देश है, जिसने दुनिया के अंदर एक साथ दो वैक्सीन लॉन्च की है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने इस उपलब्धि को हासिल किया है। इसके लिए प्रधानमंत्री मोदी का हम अभिनंदन करते हैं और देश के वैज्ञानिकों को बधाई देते हैं।

यह भी पढ़ें-मानव के लिए वरदान है पीपल, कई गंभीर बीमारियों से मुक्ति दिलाने में सहायक

मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके साथ ही हमें इस बारे में भी देखना होगा कि जब देश कोरोना के खिलाफ इस जंग को अंतिम विजय की ओर ले कर जा रहा है। ऐसे में कुछ स्वार्थी तत्व देश में अफवाह फैलाने का कार्य कर रहे हैं। इन सब से सतर्क रहने की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री ने खासतौर से मीडिया से सहयोग मांगते हुए कहा कि इस दौरान मीडिया की बेहद सकारात्मक भूमिका रही। इसी तरह हमारे स्वास्थ्य कर्मियों, कोरोना योद्धाओं और समाज के विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों, सामाजिक संगठनों ने सकारात्मक भूमिका के साथ प्रधानमंत्री के नेतृत्व में इस लड़ाई को लड़ा।

उन्होंने कहा कि अब फिर उसी सकारात्मक भूमिका वैक्सीनेशन के दौरान निभानी है। वैक्सीनेशन के लिए भगदड़ या छीना झपटी या किसी प्रकार की अफवाह से बचकर एक सकारात्मक भूमिका निभानी है और अपनी बारी का इन्तजार करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आज यहां डीजी हेल्थ, डीजी फैमिली वेलफेयर ने भी वैक्सीन ली है। यह बहुत सफलतम और सस्ती वैक्सीन है। दुनिया की सबसे सस्ती वैक्सीन भारत ने बनाई है। इसके साथ ही यह प्रधानमंत्री मोदी के मेड इन इंडिया के संकल्प को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने कहा कि कोरोना के खिलाफ देश की लड़ाई को विजय की ओर अग्रसर करने का भी महत्वपूर्ण अभियान है।