हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी के चलते पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बदल सकता है मौसम

56

कानपुरः उत्तर भारत में इन दिनों लगातार तापमान बढ़ रहा है और वातावरण में नमी होने से लोगों को उमस परेशान कर रही है। इसी बीच हिमालयी क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल रहा है। हिमालयी क्षेत्रों में हिमपात के साथ हल्की बारिश हो रही है तो वहीं हवाओं की दिशाएं बदलने से इसका प्रभाव उत्तर प्रदेश में देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक खासकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी आदि जनपदों में ओलावृष्टि की संभावना है। इसको लेकर चेतावनी जारी कर दी गयी है।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डा. एसएन पाण्डेय के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान जम्मू-कश्मीर, गिलगित बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में हल्की से मध्यम बारिश और हिमपात हो सकता है। पंजाब, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी हल्की बारिश होने की संभावना है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश सहित पूर्वोत्तर भारत में गरज के साथ बौछारें जारी रहेंगी। नागालैंड में एक-दो जगहों पर वर्षा का अनुमान है। तमिलनाडु और केरल के दक्षिणी हिस्सों में भी हल्की बारिश हो सकती है। 10 से 12 मार्च के बीच पश्चिमी हिमालयी राज्यों पर बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां और तेज होने की उम्मीद है। इस अवधि के दौरान जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। पंजाब में अगले तीन दिनों के दौरान तेज बारिश हो सकती है। उत्तरी हरियाणा में भी गर्जना के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।

यह भी पढ़ेंःचौथी तिमाही में कनेक्टेड टीवी डिवाइस बाजार में अमेजन पहले, सैमसंग…

उन्होंने बताया कि उत्तर भारत में बना पश्चिमी विक्षोभ आगे निकल गया है। हालांकि एक नया पश्चिमी विक्षोभ आज से उत्तर भारत को प्रभावित करेगा। निचले स्तर पर एक ट्रफ रेखा मालदीव से केरल की उत्तरी तटीय भागों के बीच बनी हुई है। एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ पूर्वोत्तर भारत के राज्यों पर दिखाई दे रहा है। उन्होंने बताया कि कानपुर परिक्षेत्र में बुधवार को अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस अधिक है। इसी तरह न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक है। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 94 फीसदी और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 45 फीसदी दर्ज की गयी। हवाओं की दिशाएं दक्षिण पूर्व चल रही हैं जिनकी रफ्तार 2.6 किमी प्रति घंटा रही। बताया कि इस सप्ताह मध्य उत्तर प्रदेश के ब्लाक एवं जिला स्तर पर आसमान साफ रहेगा। इसके साथ ही 12 और 13 मार्च को हल्के से मध्यम बादल छाये रहने के कारण व तेज हवाओं के साथ स्थानीय स्तर पर हल्की वर्षा एवं ओलावृष्टि होने के आसार हैं।