Featured राजनीति

भाजपा सरकार में दलितों का हो रहा उत्थान : बेबी रानी मौर्य

knp-photo-no_6a_180

कानपुर: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी की सरकार गरीबों, मजदूरों और दलितों के लिए तमाम जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित हो रही हैं। इन योजनाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ लाभार्थी को दिया जा रहा है। देश की पहली ऐसी पार्टी भाजपा है जो गरीबों का उत्थान करना अपना मकसद समझती है और भाजपा सरकार में ही दलितों का उत्थान हो रहा है। यह बातें कानपुर में मंगलवार को उत्तराखण्ड की पूर्व राज्यपाल तथा बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बेबी रानी मौर्य जाटव ने कहीं।

कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र की सभी 52 विधानसभा क्षेत्रों के भाजपा अनुसूचित मोर्चा के पदाधिकारियों के सम्मेलन में पूर्व राज्यपाल व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बेबी रानी मौर्य जाटव ने कहा कि अनुसूचित जातियों का अब मायावती और बसपा से मोहभंग हो गया है। अनुसूचित जातियों ने समाजवादी पार्टी पर कभी भी भरोसा नहीं किया और इस बार भी वह उनसे दूरी बनाए हुए हैं। अनुसूचित वर्ग में भाजपा की योगी सरकार के द्वारा किए प्रत्येक कार्य से घर-घर लोगों को लाभान्वित करने का काम किया है, जिससे मोदी के द्वारा दिया गया मंत्र सबका साथ सबका विकास एवं सबका विश्वास को चरितार्थ हो रहा है।

बसपा ने दलितों का तोड़ा विश्वास

बसपा प्रमुख मायावती पर तंज कसते हुए कहा कि मायावती ने एक बार नहीं कई बार अनुसूचित जाति के लोगों का विश्वास तोड़ा है। इस वजह से अनुसूचित जाति के लोगों को अब सिर्फ भाजपा के साथ ही रहना पसंद है। आगे कहा कि सामान्य कार्यकर्ता को भाजपा ने बहुत सम्मान दिया है। गरीब की कन्या को शादी के लिए पैसा मिल रहा है। मजदूर को मेहनत का दाम मिल रहा है। कई योजनाओं का लाभ मिल रहा है।

कहा कि मुझे पार्टी ने आगरा का मेयर बनाया, राज्यपाल बनाया, विधानसभा लड़ाई, पार्टी का प्रदेश मंत्री बनाया अभी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया। मुझ जैसे सामान्य दलित का सम्मान भाजपा ही कर सकती है। बेटियों को पढ़ाइये। नवरात्रि चल रहे हैं। मां शक्ति की हम पूजा करते हैं। बेटी देवी का ही रूप है। कहा कि दीनदयाल जी ने कहा था कि अंत्योदय के लिए दलित वर्ग का आगे बढ़ना जरूरी है। थोड़ा हाथ आप आगे बढ़ाओ, थोड़ा हम बढ़ाते हैं। मैंने हाथ बढ़ाया और देखिये आज मैं यहां तक आ गयी हूं।

यह भी पढ़ेंः-लखीमपुर हिंसा मामलाः आशीष मिश्रा के मित्र के ड्राइवर को एसआईटी...

गौरतलब है कि बेबी रानी मौर्य जाटव मंगलवार को मोती झील स्थित लाजपत भवन में अनुसूचित मोर्चा के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रही थी। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जातियों के बल पर एक बार फिर से भाजपा क्षेत्र की सभी सीटों पर अपनी जीत पक्की करेगी। इस अवसर पर विजय बहादुर पाठक, कानपुर-बुंदेलखंड के क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेन्द्र सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरूण, जिलाध्यक्ष उत्तर सुनील बजाज, मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष राहुल सोनकर बच्चा, उपाध्यक्ष जयनारायण मुकेश, रीता कठेरिया आदि मौजूद रहें।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)