Featured लोकसभा चुनाव 2024

इन प्वाइंट्स के जरिए अबकी बार 400 पार के लक्ष्य को आसान बनाएगी यूपी भाजपा

blog_image_662a07fc7b74d

लखनऊः भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) 400 पार के लक्ष्य को आसान बनाने के लिए देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश पर खास फोकस कर रही है। दिल्ली की सत्ता पर काबिज होने के लिए उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटें अहम हैं। इसलिए इस बार बीजेपी उत्तर प्रदेश में 400 पार के नारे को जमीन पर उतारने के लिए खास रणनीति के तहत काम कर रही है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में रालोद और पूर्वांचल में सुभासपा, अपना दल और निषाद पार्टी का समर्थन भी भाजपा को और मजबूती प्रदान कर रहा है।

पहली बार सीटिंग प्लान का अभिनव प्रयोग

उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों पर जीत सुनिश्चित करने के लिए बीजेपी ने पहली बार बूथ अध्यक्षों को बूथ से जोड़ने के लिए सिटिंग प्लान का अभिनव प्रयोग किया। बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन में सीटिंग प्लान के तहत प्रत्येक कुर्सी पर अंकित बूथ नंबर पर संबंधित बूथ के अध्यक्ष को बैठाया जाता है और उन्हें यह अहसास कराया जाता है कि इस बूथ को जिताने की जिम्मेदारी उन पर है। भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल ने बूथ अध्यक्षों पर पुष्प वर्षा कर उनका मनोबल बढ़ाने का काम किया है। भाजपा के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी हिमांशु दुबे ने बताया कि प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल की इस पहल का प्रयोग अब अन्य जिलों में भी किया जाने लगा है। बूथ विजय के लक्ष्य को हासिल करने के लिए पार्टी कार्यकर्ता बूथों पर सक्रिय रूप से संपर्क करने के साथ ही नियमित दौरा भी कर रहे हैं।

370 प्लस के लिए बूथ से लेकर राष्ट्रीय पदाधिकारी तक को दी गई जिम्मेदारी

भाजपा द्वारा प्रत्येक बूथ पर 370 से अधिक वोट पाने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए पार्टी ने बूथ स्तर के अधिकारियों को पन्ना प्रमुख और बूथ समिति का सदस्य बनाया है। बूथ कमेटी की मजबूत संरचना और सक्रियता संगठन की रणनीति को माइक्रोलेबल पर प्रभावी बनाती है।

नरेंद्र मोदी बूथ अध्यक्षों से सीधे  कर रहे बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नमो ऐप के जरिए नमो रैली को संबोधित कर रहे हैं। नमो रैली में प्रधानमंत्री बूथ समिति के सदस्यों और पन्ना प्रभारियों को संबोधित करते हैं। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुछ बूथ अध्यक्षों से टेलीफोन पर सीधे बात कर उनका मनोबल बढ़ाया है।

धुआंधार प्रचार अभियान

बीजेपी बार-बार जनता तक पहुंच रही है और इस बार वह 400 करोड़ से ज्यादा का संदेश लेकर जनसंपर्क, रैलियां, नुक्कड़ सभाएं, सेमिनार और कॉन्फ्रेंस के जरिए जनता तक पहुंच रही है। उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह कई जनसभाएं कर चुके हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक राज्य में जनसभाएं कर रहे हैं। भाजपा कार्यकर्ता विभिन्न कार्यक्रमों और अभियानों के माध्यम से घर-घर दस्तक दे रहे हैं। वहीं सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा प्रचार बीजेपी का हो रहा है। बीजेपी पर्चों, पोस्टरों और वीडियो के जरिए सोशल मीडिया पर छाई हुई है।

योगी मोदी का असर

उत्तर प्रदेश में केंद्र की मोदी सरकार की योजनाओं से आम जनता को फायदा हुआ है। वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल में राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति में भी सुधार हुआ है। डबल इंजन की सरकार राज्य के विकास के नये कीर्तिमान रच रही है। इसका फायदा बीजेपी को लोकसभा चुनाव में हो रहा है। उत्तर प्रदेश की जनता को नरेंद्र मोदी की गारंटी पर भरोसा है। मुफ्त राशन, आयुष्मान भारत योजना, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना समेत तमाम गरीब कल्याण योजनाओं का लाभ उत्तर प्रदेश की जनता को मिला है। इसीलिए प्रदेश की जनता को मोदी योगी पर भरोसा है।

राम मंदिर का भी असर

आज 500 वर्षों के संघर्ष के बाद अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि स्थल पर भव्य, दिव्य राम मंदिर का निर्माण हो रहा है। आजादी के बाद राम मंदिर मुद्दे को सुलझाने के लिए लगातार प्रयास किए गए लेकिन तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने राम मंदिर मुद्दे को उलझाए रखा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासनकाल में ही राम मंदिर मामले की सुनवाई सुप्रीम कोर्ट में हुई और फैसला रामलला के पक्ष में आया। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राम मंदिर का भूमि पूजन किया और प्राण प्रतिष्ठा समारोह भी विधिवत संपन्न हुआ। राम मंदिर के लिए हिंदू समाज ने कई आंदोलन भी किए हैं। आज जब रामलला विराजमान हो गए हैं तो जनता इसका श्रेय मोदी को दे रही है। निश्चित तौर पर लोकसभा चुनाव में बीजेपी को इसका फायदा जरूर मिलेगा।

निरंतर प्रवास एवं जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद

लोकसभा चुनाव के मद्देनजर बीजेपी के प्रदेश महासचिव धर्मपाल लगातार निचले स्तर का दौरा कर बीजेपी कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित कर रहे हैं। इससे कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा है। इसके चलते बीजेपी कार्यकर्ता पूरे जोश के साथ पार्टी के अभियानों और कार्यक्रमों को गति दे रहे हैं।

प्रदेश महासचिव (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि 400 पार का लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रदेश की सभी 80 सीटें जीतनी होंगी और 80 सीटें जीतने के लिए हम सभी को अपना बूथ जीतना होगा। भाजपा का लक्ष्य प्रत्येक बूथ पर पिछले चुनाव में भाजपा को मिले वोटों में 370 वोट और जोड़ना है।

 यह भी पढ़ेंः-DC vs GT Highlights: रोमांचक मुकाबले में दिल्ली ने मारी बाजी, आखिरी गेंद पर बाउंड्री नहीं लगा पाए राशिद

बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता अवनीश त्यागी ने कहा कि 2014 से पहले उत्तर प्रदेश कैसा था, ये सभी जानते हैं, आज सुशासन और विकास ही उत्तर प्रदेश की पहचान है। उत्तर प्रदेश दंगों और गुंडागर्दी से मुक्त हो गया है। बहनें, बेटियाँ, घर, खेत-खलिहान सुरक्षित रहे हैं। देश और प्रदेश विकास के पथ पर आगे बढ़ चुका है। भगवान श्री रामलला के भव्य मंदिर निर्माण से पूरा देश खुश है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में सभी को न्याय, सभी को आवास, पानी, शिक्षा, चिकित्सा, सुरक्षा और सम्मान के साथ विकसित भारत की गारंटी दी है। मोदी जी की ये गारंटी यूपी में 80 सीटों पर जीत सुनिश्चित करेगी।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)