Weather update: फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, तापमान बढ़ने के साथ परेशान करेगी लू

0
5
temperature-will-rise-after-light-rain-in-up

Weather कानपुरः उत्तर प्रदेश में बंगाल की खाड़ी से आने वाली नम हवाओं के कारण हल्की बारिश हुई, जिससे तापमान में कमी आई, लेकिन अब ये हवाएं आनी बंद हो गई हैं। इससे आसमान साफ ​​हो गया और सूरज की तल्खी फिर देखने को मिल रही है।

इन स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना

मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में मानसून आने तक तापमान में बढ़ोतरी होगी और गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा। चंद्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडे ने शनिवार को बताया कि अगले 24 घंटों के दौरान तटीय कर्नाटक, दक्षिण मध्य महाराष्ट्र और दक्षिण कोंकण और गोवा में मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

केरल, लक्षद्वीप, मराठवाड़ा और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। सिक्किम, पूर्वोत्तर भारत, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, उत्तर आंतरिक कर्नाटक और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। ओडिशा, दक्षिण गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश विदर्भ, छत्तीसगढ़ और पश्चिमी हिमालय के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है।

यह भी पढ़ेंः-नेहा राठौर को हाई कोर्ट से झटका, RSS को बदनाम करने का किया था प्रयास

मौसम विभाग ने बताया पूर्वानुमान

पश्चिमी राजस्थान, पूर्वी राजस्थान, पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में धूल भरी आंधी के साथ गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। दिल्ली और आसपास के इलाकों में धूल भरी आंधी के साथ हल्की बारिश की संभावना है। उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश, झारखंड, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार और ओडिशा के कुछ इलाकों में लू चल सकती है। उन्होंने बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 43.4 और न्यूनतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 34 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 19 फीसदी रही। हवा की दिशा दक्षिण-पश्चिमी रही और औसत गति 6.1 किलोमीटर प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों में हल्के बादल छाने के आसार हैं लेकिन बारिश की संभावना नहीं है। दिन और रात का तापमान सामान्य से अधिक रहने का अनुमान है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)