Featured पंजाब राजनीति

भगवंत मान की लोकसभा सीट 'संगरूर' से चुनाव लड़ सकते हैं सुनील जाखड़

Sunil Jakhar

नई दिल्लीः पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के इस्तीफे से खाली हुई लोक सभा सीट संगरूर से भाजपा सुनील जाखड़ (Sunil Jakhar) को अपना उम्मीदवार बना सकती है। गुरुवार को ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने जाखड़ को भाजपा में शामिल कराया था। सूत्रों की मानें तो, भाजपा सुनील जाखड़ को पंजाब में अपने एक बड़े हिंदू नेता के तौर पर प्रोजेक्ट करने की तैयारी कर रही है और इसी के मद्देनजर पार्टी संगरूर लोकसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में उन पर बड़ा दांव खेलने की तैयारी कर रही है।

ये भी पढ़ें..UP SI Bharti 2022: ऑनलाइन दरोगा भर्ती परीक्षा पास करने के लिए पहुंचे थे मुन्नाभाई, 16 गिरफ्तार

आपको याद दिला दें कि, पंजाब विधानसभा में बड़ी जीत मिलने के बाद आम आदमी पार्टी ने भगवंत मान को पंजाब के मुख्यमंत्री के तौर पर चुना। राज्य के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने से पहले 14 मार्च 2022 को मान ने लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। अब इस सीट पर लोक सभा का उपचुनाव होना है और राज्य में पहली बार अकेले लोकसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही भाजपा ने सुनील जाखड़ (Sunil Jakhar) की उम्मीदवारी से जुड़े सभी राजनीतिक पहलुओं का हिसाब-किताब लगाना शुरू कर दिया है।

वहीं भाजपा के एक बड़े नेता ने बताया कि सुनील जाखड़ पंजाब के एक बड़े नेता हैं और निश्चित तौर पर भाजपा उनके कद और उनकी लोकप्रियता का सम्मान करेगी। हालांकि इसके साथ ही उन्होंने यह भी जोड़ा कि उनकी भूमिका को लेकर पार्टी के सामने सारे विकल्प खुले हैं और समय आने पर इसकी आधिकारिक घोषणा की जाएगी। हालांकि बताया जा रहा है कि पार्टी के सामने उन्हें राज्यसभा भेजने का भी विकल्प मौजूद हैं।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक औरट्विटरपर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…