त्यौहार पर मंदिरों के आस-पास दिखी गंदगी तो होगी कड़ी कार्रवाई

36

cm-yogi-Adityanath

लखनऊ: रविवार से नवरात्रि मां शक्ति की पूजा का पावन पर्व शुरू हो गया। इस पर्व को मनाने में श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े इसके लिए योगी सरकार मंदिरों और उनके आसपास साफ-सफाई रखने पर बेहद गंभीर नजर आ रही है।

सरकार ने त्यौहारों पर स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए “स्वच्छ महोत्सव, स्वस्थ महोत्सव” नाम से एक अभियान शुरू किया है। नवरात्र और दिवाली के दौरान गड़बड़ी करने वालों पर सरकार पैनी नजर रखेगी। अगर कोई कूड़ा फैलाने की शिकायत करता है तो सरकार सख्त कार्रवाई कर जिम्मेदार लोगों को दंडित भी किया जा सकता है। सूबे की योगी सरकार नवरात्रि के त्योहार के दौरान मंदिरों और उनके आसपास के क्षेत्रों को साफ रखने पर विशेष ध्यान दे रही है।

सरकार ने स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए स्वच्छ महोत्सव, स्वस्थ महोत्सव नाम से एक अभियान की शुरूआत की है। सरकार चाहती है लोग नवरात्रि, दशहरा और दिवाली स्वच्छ और स्वस्थ तरीके से मनाएं। सूबे की सरकार का मानना है कि लोगों में भगवान में आस्था के साथ ही साफ-सफाई के महत्व की जानकारी भी अनिवार्य है।

पूजा पंडालों व मंदिरों के पास रखे जाएंगे डस्टबीन

मिली जानकारी के मुताबिक यह संदेश राज्य के सभी जनपदों को भेजा गया है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वे इन त्योहारों के दौरान साफ-सफाई का भी विशेष ध्यान रखें। सरकार ने लोगों से यह सुनिश्चित करने के लिए कहा है कि सड़कें, मंदिरों और दुर्गा पूजा पंडालों के पास के इलाके बहुत साफ हों। मंदिरों-पंडालों जैसे धार्मिक स्थानों के पास कूड़ेदान का होना अत्यन्त आवश्यक है। जिससे लोग कूडा इधर उधर न फेंके।

स्ट्रीट लाइट ठीक कराने के आदेश

नगर विकास मंत्री ने शहर के अधिकारियों व कर्मियों से कहा कि जल्द से जल्द खराब पड़ी स्ट्रीट लाइट ठीक हो, ताकि त्योहारों के दौरान लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।

जारी किया टोल फ्री नम्बर

त्योहारों के दौरान लोग देर रात तक पूजा स्थलों पर समय बिताते हैं। पूजा स्थलों व मंदिरों को साफ रखना महत्वपूर्ण है। हमें लोगों को मच्छरों से फैलने वाली बीमारियों से बचाने के लिए दवा का छिड़काव भी करना चाहिए। यदि कोई समस्या हो तो मदद के लिए एक टोल-फ्री नंबर (1533) पर समस्या बताई जा सकती है।

रिपोर्ट-पवन सिंह चौहान