साइकिल यात्रा के जरिए सपा ने फूंका चुनावी बिगुल, अखिलेश बोले-भाजपा में अपराधियों की भरमार

73

लखनऊः यूपी में होने वाली विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी ने साइकिल यात्रा के जरिए चुनावी बिगुल फूंक दिया। वरिष्ठ नेता जनेश्वर मिश्र की जयंती पर साइकिल यात्रा पर निकलने से पहले पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सपा कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में कहा कि 2022 के चुनाव में सपा 400 सीटें जितेगी। जनता भाजपा से नाराज है। भाजपा सरकार ने जनता को धोखा दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा में अपराधियों की भरमार है। वो ‘मैनीफेस्टो’ नहीं ‘मनीफेस्टो’ बनाते हैं। उनके लिए राजनीति एक व्यापार है। भाजपा की सरकार ने कोरोना के दौरान लोगों की मदद नहीं की और बड़ी संख्या में मौतें हुई हैं।

अखिलेश यादव ने कहा कि सिर्फ प्रचार के दम पर योगी आदित्यनाथ सरकार अपने को नम्बर वन बता रही है। हकीकत तो यह है कि यह सरकार कुपोषण, गंगा किनारे लाशों को लकड़ी न देने, ऑक्सीजन न दे पाने, बेरोजगारी, युवाओं को लाठी से, नौकरी मांगने वालों को पीटने, महिला असुरक्षा, शव से कफन उतारने, बिना इलाज के लोगों को मारने तथा 1600 शिक्षकों को मौत के मुहाने में भेजने में नम्बर वन है। यह सरकार तो न्यायालय के आदेश न मानने में भी नम्बर वन है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के नेता तथा कार्यकर्ता जनेश्वर मिश्र के रास्ते पर है। आज प्रदेश में जगह-जगह साइकिल यात्रा निकाली जा रही है। जिससे कि प्रदेश के हर कोने का हाल जान सकें।

यह भी पढ़ेंःआखिर भगवान शिव क्यों धारण करते हैं त्रिशूल, जानें इसके पीछे…

उन्होंने कहा कि हम उत्तर प्रदेश को विकास की राह पर लाए थे और अब उसको आगे ले जाएंगे। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि जनता में भाजपा की सरकार के खिलाफ काफी नाराजगी है। योगी आदित्यनाथ सरकार हर मुद्दे पर फेल रही इस सरकार ने हमारे कार्यकाल के दौरान कराए गए कामों नाम बदल दिया। इनको अब विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही गरीबों की याद आने लगी। अखिलेश यादव ने सपा कार्यालय से लखनऊ में साइकिल रैली को रवाना किया।