प्रदेश उत्तर प्रदेश Featured

सतीश महाना का दावा, बोले-विधानसभा ने बदला परसेप्शन, शुरू हुईं नई परम्पराएं

लखनऊः उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने छह माह का कार्यकाल पूरा करने के अवसर पर अपनी उपलब्धियां साझा की। उन्होंने कहा कि यूपी विधानसभा ने परसेप्शन बदलने का काम किया है। इस छह माह में कई नई परम्पराएं शुरू हुईं। देश की अन्य विधानसभाएं हमें फॉलो कर रही हैं। हम भी उनसे सीख रहे हैं। सतीश महाना ने गुरुवार को यहां विधान सभा के राजर्षि पुरुषोत्तम दास टण्डन हाल में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि विधानसभा का डिजिटलाइजेशन किया गया है। अब सदन में मंत्रियों को उत्तर पढ़ने की जरूरत नहीं है। इस परम्परा को समाप्त किया गया। सदस्यों के प्रश्नों का उत्तर उनके टैबलेट में उपलब्ध रहता है। ई-विधान सभा की सराहना पूरे देश में हुई है। 90 प्रतिशत से अधिक विधायकों ने ई-विधान व्यवस्था को अपनाया है। इससे कागज की उपयोगिता बहुत कम हुई है। विधायक सदन में बैठ रहे हैं। कार्यवाही में शामिल हो रहे हैं। बड़ी संख्या में प्रश्न लगा रहे हैं।

महाना ने बताया कि हमने विधायकों के साथ परिचर्चा की नई परंपरा शुरू की है। पांच समूहों में बांटकर विधायकों को बुलाया जाता है। महिलाओं के बोलने के अवसर न दिये जाने की समस्या का भी समाधान निकाला गया। उन्होनें कहा कि इस बार के सदन में महिलाओं को बोलने के लिए अवसर दिया गया। जिसमें उन्होंने बेझिझक अपनी बात रखी। 18वीं विधानसभा के गठन के पश्चात् दोनों सत्रों में यह विशेष उपलब्धि रही कि सदन में स्थगन नहीं हुआ। अधिक से अधिक प्रश्न सदन में लिए गए। सभी तारांकित प्रश्नों पर चर्चा हुई।

ये भी पढ़ें..सूरत शहर जल्द ही इलेक्ट्रिक वाहन के रुप में जाना जाएगा:...

उन्होंने बताया कि वकील, डॉक्टर, पीएचडी होल्डर विधायकों का समूह बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के लिए कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। संसदीय पत्रकारिता पर गोष्ठी होगी। उसकी रूपरेखा तैयार की जा रही है। उस गोष्ठी में हाउस की रिपोर्टिंग के बारे में चर्चा होगी। उसमें नियम, परम्पराओं पर आधारित जानकारी पर विमर्श होगा। यूथ पार्लियामेंट का आयोजन किया जाएगा। विधान सभा अध्यक्ष ने बताया कि नियमों का सरलीकरण करेंगे ताकि सदस्य अपनी बात आसानी से कह सकें और समझ सकें। इस मौके पर अध्यक्ष के साथ प्रमुख सचिव विधान सभा प्रदीप दुबे भी मौजूद रहे।

अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक औरट्विटरपर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…