Featured राजनीति बंगाल

संदेशखाली हिंसा के विरोध में BJP का धरना प्रदर्शन, गांधी मूर्ति के पास लगा कार्यकर्ताओं का जमघट

Sandeshkhali violence, कोलकाताः कलकत्ता हाई कोर्ट के आदेश के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कार्यकर्ता संदेशखाली मामले को लेकर राजधानी कोलकाता में विरोध प्रदर्शन के लिए जुटने लगे हैं। गांधी प्रतिमा के पास सैकड़ों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता जुटे हैं जो राज्य की ममता बनर्जी सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं।

कोर्ट ने दी विरोध प्रदर्शन की अनुमति

कलकत्ता उच्च न्यायालय ने मंगलवार को भाजपा को कोलकाता में दो दिवसीय विरोध प्रदर्शन करने की अनुमति दी थी। यह भी निर्देश दिया गया कि प्रदर्शनकारियों की संख्या 150 से अधिक नहीं होनी चाहिए। न्यायमूर्ति कौशिक चंदा ने शहर के मैदान क्षेत्र में महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने विरोध प्रदर्शन की अनुमति देते हुए विरोध के दौरान लाउडस्पीकर का उपयोग नहीं करने का निर्देश दिया। यह कार्यक्रम बुधवार और गुरुवार को सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे के बीच होगा। ये भी पढ़ें..Himachal Political Crisis: ‘मैंने नहीं दिया इस्तीफा’, सुक्खू ने BJP पर लगाया अफवाह फैलाने का आरोप

पुलिस ने लाउडस्पीकर पर लगाया प्रतिबंध

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने कहा कि वह उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखाली में महिलाओं के यौन उत्पीड़न के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेंगे। कोलकाता पुलिस ने चल रही माध्यमिक और वरिष्ठ माध्यमिक परीक्षाओं के कारण स्कूलों में लाउडस्पीकर के उपयोग पर प्रतिबंध का हवाला देते हुए भाजपा की राज्य इकाई को विरोध प्रदर्शन करने की अनुमति देने से इनकार कर दिया था। उन्होंने बताया कि पुलिस सत्ताधारी पार्टी तृणमूल कांग्रेस के कहने पर नहीं चलती बल्कि विपक्ष के अधिकारों को कुचलने में सक्रिय रहती है। उच्च न्यायालय का आभार व्यक्त करते हुए मजूमदार ने कहा कि भाजपा की राज्य इकाई ने अदालत का रुख कर पुलिस को प्रदर्शन की अनुमति देने का निर्देश देने का अनुरोध किया था।

संदेशखाली के आरोपी शाहजहां शेख की गिरफ्तारी की मांग

गौरतलब है कि संदेशखाली के खलनायक टीएमसी नेता शाहजहां शेख और उनके करीबियों पर में स्थानीय महिलाओं ने यौन उत्पीड़न और जमीन हड़पने का आरोप लगाया है। स्थानीय लोग शाहजहां शेख की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। इस मामले में कोलकाता पुलिस अब तक 18 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। इसमें कुछ स्थानीय टीएमसी नेता भी शामिल हैं। हालांकि, मुख्य आरोपी शाहजहां शेख अभी भी पुलिस की गिरफ्त से दूर है। ऐसे में बीजेपी टीएमसी नेता की गिरफ्तारी की मांग कर रही है। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)