‘दिल्ली के राजपथ सी लगेंगी अयोध्या की सड़कें’, केंद्र सरकार के नौ वर्ष पूरे होने पर बोले CM योगी

0
8

cm-yogi-adityanath-ayodhya

अयोध्याः मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या में 32 हजार करोड़ की परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। इतनी परियोजना देश के किसी भी एक शहर में नहीं चल रही होगी। जिस दिन ये सभी कार्य धरातल पर उतरेंगे। उस दिन अयोध्या दुनिया की सबसे सुंदरतम नगरी के रूप में उभर कर सामने आएगी। जनवरी में जब प्रधानमंत्री मोदी द्वारा रामलला 500 वर्ष बाद अपने स्वयं के मंदिर में विराजमान होंगे, तो दुनिया अयोध्या की तरफ सबसे ज्यादा आकर्षित होगी। यहां मुख्य रेलवे स्टेशन, सूर्यकुंड व भरतकुंड में रेलवे स्टेशन का विकास कार्य चल रहा है। इंटरनेशनल एयरपोर्ट का भी कार्य इसी साल पूरा हो जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या नगरी न आने वाले लोगों को पछतावा ही होगा। जिसने यहां जन्म नहीं लिया होगा, वह यही प्रार्थना करता होगा कि हमारा भी जन्म इस नगरी में होता तो हम बेहद सौभाग्यशाली होते। राम के बिना हमारा जीवन अधूरा ही रहता है। वहीं अब साकार रूप में हम मंदिर निर्माण के साथ रामलला के मंदिर में विराजमान होने के बाद दर्शन करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ केंद्र सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने पर भरतकुंड नंदीग्राम में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान अयोध्या के विकास की झलक पर आधारित एक लघु फिल्म भी दिखाई गई।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार दीपोत्सव पर अयोध्या 21 लाख दीपों से जगमग होगी। सभी घाटों, मठ-मंदिरों, सूर्यकुंड-भरत कुंड के साथ अयोध्या के हर घर में दीप प्रज्ज्वलन का कार्यक्रम होगा। उन्होंने अफसरों को इसकी तैयारी शुरू करने के निर्देश भी दिये। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष श्रीराम आने वाले हैं। उनके स्वागत की तैयारी दीपोत्सव के साथ प्रारंभ होनी चाहिए। जिस तरह विश्व स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है। 21 भारत मानव कल्याण का नेतृत्व करता दिख रहा है।

एक घंटे में लखनऊ और गोरखपुर से पहुंचते हैं अयोध्या

मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम मोदी के यशस्वी नेतृत्व में भारत तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा। इससे प्रति व्यक्ति की आय में भी वृद्धि होगी और कनेक्टिविटी बेहतर होगी। पहले गोरखपुर और लखनऊ से अयोध्या पहुंचने में पांच-छह घंटे लगते थे, लेकिन आज एक घंटे में यह सफर तय हो जाता है। एयरपोर्ट बनने के बाद त्रेतायुग की याद हो जाएगी। जब लंका पर विजय हासिल करने के बाद प्रभु श्रीराम पुष्पक विमान से अयोध्या लौटे थे। आज अयोध्या के हर वासी को विमान यात्रा से उड़ान का अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में महापौर के साथ ही विभिन्न नगर निकायों में जनता ने डबल इंजन की सरकार पर विश्वास किया।

सूर्यकुंड ने अहसास कराया कि इसी तरह बनेगी अयोध्या

मुख्यमंत्री ने बताया कि वह बीती रात सूर्यकुंड पहुंचे थे। तब उन्हें याद आया कि कुछ साल पहले जब वह यहां पहुंचे थे तब यह बेहद जर्जर था। पानी सड़ रहा था। लेकिन अब सूर्यकुंड ने यह अहसास करा दिया कि अयोध्या भी इसी तरह से बनेगी। अयोध्या के सभी घाट भी आज भव्य नजर आ रहे हैं।

अगले कुछ समय में दिल्ली की राजपथ सी होंगी अयोध्या की सड़कें

मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले कुछ ही दिनों में अयोध्या की सड़कें दिल्ली की राजपथ सी नजर आयेंगी। अभी कुछ समय तक भले ही जनता को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा हो लेकिन आगे यह राजपथ सी लगेगी और इसका नाम भी राजपथ ही रखा गया है। हनुमानगढ़ी के पीछे से सुग्रीव किला के पास से श्रीराम जन्मभूमि तक के मार्ग को नाम भक्तिपथ रखा गया है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)