पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 26 अप्रैल को राज्य के पांच लोकसभा क्षेत्रों में होने वाले दूसरे चरण के मतदान से पहले मंगलवार को एक पत्र लिखा। पत्र में उन्होंने न केवल लोगों को 2005 से पहले की सरकार की याद दिलाई, बल्कि यह भी कहा कि बिहार की सेवा हमारा धर्म है। पूरा बिहार हमारा परिवार है।
2005 से पहले बिहार में था माफिया राज- नीतीश
इस पत्र को जेडीयू ने अपने एक्स हैंडल से भी पोस्ट किया है। पत्र में कहा गया है कि आपको याद होगा कि 2005 से पहले की सरकार ने बिहार को किस हालत में पहुंचा दिया था। बिहार का खजाना खाली था। सड़क, बिजली, स्कूल, अस्पताल जैसी बुनियादी सुविधाओं पर बात करने वाला कोई नहीं था। घोटाले, अपराध, अपहरण, हत्या, डकैती, नरसंहार, माफिया राज बिहार की पहचान बन गई थी। उद्योग-धंधे बंद हो गए।
पत्र में आगे लिखा गया कि यह कहना सही नहीं होगा कि बिहार में व्यवस्था चरमरा गयी है, सच तो यह है कि उस समय बिहार में कोई व्यवस्था नहीं थी। बिहार के लोगों को देश-दुनिया में अपमान झेलना पड़ा। इसके बाद 2005 में घना अंधेरा छंटा, उम्मीदों का एक नया सूरज उग आया। बिहार की देवतुल्य जनता ने राज्य में एनडीए सरकार को मौका दिया और हमने बिहार को अराजकता और अव्यवस्था से बाहर निकालकर विकास के रास्ते पर ले जाने का संकल्प लिया।
बिहार परिवार से माननीय मुख्यमंत्री श्री @NitishKumar जी की अपील।
— Janata Dal (United) (@Jduonline) April 23, 2024
अपना बहुमूल्य मत देने से पहले मुख्यमंत्री जी का ये महत्वपूर्ण संदेश जरूर पढ़िए।#JDU #NDA #Bihar #NitishKumar #LokSabhaElection2024 pic.twitter.com/kdOsTvff36
ये भी पढ़ेंः-Ghazipur Landfill Fire: धुएं से परेशान लोगों का हाल बेहाल, सांस लेना भी हुआ दुश्वार
नीतीश ने जनता से की ये अपील
उन्होंने पत्र में एनडीए सरकार के कार्यों का जिक्र करते हुए लिखा कि बिहार को उसकी खोयी हुई गरिमा वापस मिल गयी। आज बिहार का परचम देश-दुनिया में लहरा रहा है। पत्र में उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि वह भविष्य में भी लाखों लोगों को सरकारी नौकरियां और रोजगार देना जारी रखेंगे। नीतीश कुमार ने पत्र में लिखा कि बिहार की सेवा हमारा धर्म है। पूरा बिहार हमारा परिवार है। पत्र के अंत में उन्होंने लिखा कि आपके संसदीय क्षेत्र में मतदान होने वाला है। इस बार हमारा लक्ष्य बिहार की सभी 40 लोकसभा सीटें जीतना है। उन्होंने लोगों से एनडीए उम्मीदवार को वोट देने की अपील भी की।