देश Featured

कुंडली बॉर्डर हत्याकांड: कोर्ट में निहंगों ने कहा कि अब नहीं होगा किसी का आत्मसमर्पण

चंडीगढ़: कुंडली बॉर्डर हत्याकांड के चार आरोपितों द्वारा आत्मसमर्पण किए जाने के बाद उनके साथियों ने ऐलान कर दिया है कि इस मामले में अब किसी को भी सरेंडर नहीं करवाया जाएगा। इसके साथ ही चेतावनी भी दी कि पुलिस ने अगर उन्हें परेशान किया या किसी अन्य साथी को गिरफ्तार करने की कोशिश की तो दूसरे साथियों को भी पुलिस से छुड़वा लिया जाएगा। निहंग रविवार को अपने साथियों की पेशी के दौरान सोनीपत अदालत परिसर में पहुंचे हुए थे।

निहंग राजा राज सिंह ने कहा कि उनके ग्रंथ की बेअदबी हुई है जो सहन नहीं होगी। चार निहंग सूरमाओं ने अपनी गिरफ्तारी दे दी है और गिरफ्तारी करने की कोशिश प्रशासन न करे। अगर अन्य कोई गिरफ्तारियां हुईं तो इसका विरोध होगा।

शुक्रवार सुबह कुंडली बॉर्डर पर निहंगों ने गुरू ग्रंथ साहिब के बेअदबी के आरोप में पंजाब के तरनतारन जिला निवासी लखबीर सिंह को मौत के घाट उतार दिया था। इस मामले में अब तक सरबजीत सिंह, नारायण सिंह, भगवंत सिंह तथा गोविंद पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर चुके हैं। तीन आरोपितों की अदालत में पेशी के दौरान निहंगों ने न केवल जैकारे लगाए बल्कि अदालत परिसर में साफ किया इस मामले में जो लोग शामिल थे उनका सरेंडर करवाया जा चुका है। इसके अलावा किसी का हाथ नहीं है।

तीनों आरोपितों ने जज के सामने कबूल किया कि लखबीर सिंह की हत्या उन्होंने ही की। नारायण सिंह ने कहा कि उन्होंने पैर काटा तो भगवंत सिंह और गोविंद सिंह ने उसे लटकाया था। सरबजीत सिंह ने उसका हाथ काटा था।

यह भी पढ़ेंः-बड़ी राहतः त्योहारी सीजन में इन बैंकों ने घटाई होम और...

पुलिस ने अदालत को बताया कि आरोपितों ने सरेंडर कर दिया है, लेकिन अभी इस केस में कई अहम सुराग जुटाने बाकी हैं। पुलिस ने बताया कि इस हत्या में उनके साथ और कौन-कौन लोग शामिल थे, यह पता किया जाना है। इसके अलावा चारों आरोपितों से अलग-अलग पूछताछ में जो जानकारियां मिलेंगी, उसे क्रॉस वेरिफाई करने के लिए बाद में चारों को आमने-सामने बैठाकर भी सवाल जवाब किए जाएंगे। पुलिस हत्या का सीन रिक्रिएट करने के लिए चारों निहंगों को सिंघु बॉर्डर पर भी लेकर जाएगी।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)