प्रदेश उत्तर प्रदेश Featured क्राइम

आजमगढ़: जायदाद हड़पने के लिए भतीजे ने की वृद्ध चाचा की हत्या

 

आजमगढ़: यूपी के आजमगढ़ जिले के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के बेरमा गांव में जायदाद को हड़पने के लिए भतीजे ने ईंट-पत्थरों से हमला कर वृ़द्ध चाचा की हत्या कर दी। मृतक की बेटियों ने भतीजे सहित चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने वृद्ध के शव को अपने कब्जे में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटना की छानबीन में जुटी है।

जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के बेरमा गांव निवासी रामबचन 65 वर्ष की दो बेटियां हैं। दोनों की शादी हो चुकी है। वे अपने पिता की सेवा के लिए कुछ वर्षों से मायके में ही रह रही हैं। आरोप है कि रामबचन के भतीजे तीर्थराज की नजर अपने चाचा की जायदाद पर थी, लेकिन बेटियों के मायके में रहने के कारण उसका प्लान फेल होता नजर आ रहा था। जायदाद के लिए ही वह आये दिन अपने चाचा और उनकी बेटियों के साथ झगड़ा करता था। शुक्रवार की रात भतीजा तीर्थराज घर पहुंचा तो दोनों पक्षों में इसी बात को लेकर विवाद हो गया।

यह भी पढ़ें-यूपी: घर में घुसकर छात्रा की गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस

आरोप है कि इस दौरान भतीजे ने कई लोगों के साथ मिलकर अपने घर से चाचा के घर पर ईंट-पत्थरों से हमला बोल दिया। ईट-पत्थर के हमले में वृद्ध रामबचन घायल हो गया। जिसकी उपचार के दौरान रात में ही मौत हो गयी। मृतक की बेटी ने भतीजे सहित चार लोगों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

पुलिस अधीक्षक सुधीर सिंह ने बताया कि बेरमा गांव में दो पक्षों में आपस में धक्का-मुक्की हुई थी। इसमें एक वृद्ध की मौत हो गयी। परिजनों की तहरीर पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। घायल वृद्ध जिस अस्पताल में भर्ती था उसके चिकित्सकों ने प्रथम दृष्टया हार्ट अटैक से मौत होने की बात बतायी है। शव को पीएम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जायेगी।