प्रदेश छत्तीसगढ़

556 एकड़ में होगी सरसों की खेती, किसानों को प्रोत्साहित कर रहे डीएम

रायपुर: जांजगीर-चांपा के कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा द्वारा जिले के किसानों को ज्यादा से ज्यादा लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से कृषि विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों को विभागीय योजनाओं का निर्धारित समय पर क्रियान्वयन करते हुए संबंधित हितग्राहियों को जमीनी स्तर पर लगातार आवश्यक मार्गदर्शन दिए जाने के निर्देश दिए जा रहे हैं। जिससे किसान उन्नत तकनीक से खेती किसानी कर ज्यादा से ज्यादा मुनाफा कमा सके।

ये भी पढ़ें..बोरे के अभाव में धान खरीद पर पड़ रहा बड़ा असर

इसी क्रम में कलेक्टर सहित कृषि विभाग और संबंधित अधिकारियों द्वारा जिले के किसानों को रबी फसल 2022-23 में धान के बदले अन्य फसल जैसे सरसों गेहूं तिवड़ा का उतेरा फसल आदि के बुवाई के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। कृषि विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार इस रबी फसल के लिए जिले में कुल 556 एकड़ में सरसों के किस्म आरएच 725 की खेती का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिसके लिए प्रत्येक विकासखंड में 111 एकड़ का लक्ष्य प्रदान किया गया है। जिसमें से 218 एकड़ में सरसों बीज उतेरा फसल के रूप में बोनी किया गया है। सरसों की उन्नत तकनीक द्वारा खेती करने पर असिंचित क्षेत्रों में 15 से 20 क्विंटल और सिंचित क्षेत्रों में 20 से 30 क्विंटल प्रति हेक्टेयर दाने के उपज से अच्छा मुनाफा प्राप्त होता है।

कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा के निर्देशानुसार कृषि विभाग तथा संबंधित विभागों द्वारा जिले के किसानों को उतेरा फसल लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके तहत उप संचालक कृषि एम. डी. मानकर द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों के भ्रमण के दौरान किसान संतोष लहरें, रामलाल, उदालिक साहू, लखन खुंटे, सहारू राम, भागबली, गीताराम खुंटे, कृष्ण कुमार, अवधराम, मनोज खुंटे सहित 75 किसानों के खेतों में उतेरा फसल का अवलोकन करते हुए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया तथा जिले के अन्य किसानों को भी उतेरा फसल लगाने के लिए प्रेरित किया गया।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)