उत्तर प्रदेश Featured टॉप न्यूज़ राजनीति

मुलायम सिंह यादव की सेहत में सुधार नहीं, पीएम मोदी व CM योगी ने अखिलेश को फोन कर जाना हाल

लखनऊः उत्तर प्रदेश के 82 वर्षीय पूर्व मुख्यमंत्री व समाजवादी पार्टी संरक्षक मुलायम सिंह यादव का कई दिनों से मेदांता अस्पताल में इलाज चल रहा है। हालांकि रविवार को उनकी हालत गंभीर होने के बाद उन्हें आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया। बताया जा रहा है कि सपा सरंक्षक के लिए अगले 24 घंटे बेहद अहम है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से दूरभाष पर वार्ता कर उनके पिता मुलायम सिंह यादव का कुशलक्षेम पूछा। उन्होंने उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना भी की।

ये भी पढ़ें..डबल मर्डरः उपमुखिया की हत्या पर आक्रोशित लोगों ने आरोपित को पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट

वहीं इस खबर के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फिर सीएम योगी आदित्यनाथ ने उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव से बात की। बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने मुलायम सिंह यादव के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। उन्होंने यह भी कहा कि जो भी संभव सहायता की जरूरत होगी उसके लिए वे मदद के लिए मौजूद हैं।

मुख्यमंत्री ने मेदान्ता अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सकों से भी वार्ता कर पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव को उत्कृष्ट इलाज मुहैया कराने के लिए कहा। मुलायम सिंह यादव की तबीयत खराब होने के कारण उन्हें मेदान्ता अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज वरिष्ठ चिकित्सकों की देख-रेख में हो रहा है।

समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह की हालत गंभीर है। वो गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती हैं। मेदांता अस्पताल के आईसीयू में रविवार रात तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर उनकी डायलिसिस भी की गई है। उनकी पोती अदिति यादव ने उनकी तस्वीर जारी है। इसके साथ ही लोगों से अनुरोध किया है कि वे दादा जी के अच्छे स्वास्थ्य की ईश्वर से मंगलकामना करें।

सूत्रों की माने तो मेदांता में रविवार रात 10 बजे से शुरू हुई डायलिसिस सोमवार सुबह तक चली। सिंह का इलाज डॉ. यतिन मेहता की टीम कर रही है। वह क्रिटिकल केयर यूनिट के निदेशक हैं। कई दिन से भर्ती मुलायम का इलाज अब तक कैंसर विशेषज्ञ डॉ. नितिन सूद की टीम कर रही थी। हालांकि मेदांता ने यादव के स्वास्थ्य के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है। समाजवादी पार्टी ने जरूर आधिकारिक बयान में कहा है कि उनकी हालत गंभीर है। इसके साथ ही सपा कार्यकर्ताओं से यह भी अपील की गई है कि वे गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल के बाहर न जमा हों।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)