MP News: सतना पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मैहर में करेंगे माता शारदा के दर्शन

0
32

सतना : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार दोपहर 1 बजकर 10 मिनट पर विशेष विमान से खजुराहो पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने उनका स्वागत किया। यहां से वे हेलीकॉप्टर से रवाना होकर सतना जिले के मैहर स्थित हवाई पट्टी पहुंचे, जहां जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर राज्य के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग उपस्थित थे।

केंद्रीय गृह मंत्री यहां से मैहर स्थित माता शारदा मंदिर के लिए रवाना हो गए हैं। वे यहां माता के दर्शन करेंगे। अमित शाह सतना प्रवास के दौरान 350 करोड़ की लागत से बने मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद आदिवासी महाकुंभ में भाग लेंगे। मुख्यमंत्री चौहान ने ट्वीट कर कहा कि आज श्रद्धेय शबरी माता जयंती के पावन अवसर पर कोल महाकुंभ एवं सतना मेडिकल कॉलेज के लोकार्पण का ऐतिहासिक दिन है। मां मैहर देवी के आशीर्वाद से पवित्र स्थान सतना आगमन पर हम केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का हृदय से स्वागत करते हैं।

यह भी पढ़ें-Delhi MCD : स्थायी समिति के चुनाव से पहले AAP को झटका, BJP में…

मैहर पहुंचने पर केंद्रीय गृह मंत्री शाह का जनप्रतिनिधियों ने भव्य स्वागत किया। इसके बाद वह मां शारदा के दर्शन के लिए मंदिर के लिए रवाना हो गए। शाह मैहर में दर्शन पूजन के बाद दोपहर का भोजन करेंगे और उसके बाद मेडिकल कॉलेज के लिए रवाना होंगे। उसके बाद वह शबरी जयंती पर आयोजित कोल समाज के महाकुंभ को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में आदिवासी समाज के एक लाख लोग शामिल होंगे।

कार्यक्रम के बाद गृह मंत्री रीवा रोड स्थित ओम रिजॉर्ट आएंगे, जहां रात्रि भोज के बाद रात 8 बजे भाजपा कार्यकर्ता सभा करेंगे। वे सतना में ही रात गुजारेंगे। अगले दिन 25 फरवरी को वे हेलीकॉप्टर से खजुराहो जाएंगे और फिर 11 बजे विशेष विमान से उत्तर प्रदेश के लिए रवाना होंगे। सतना में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। रीवा रेंज के एडीजीपी केपी वेंकटेश्वर राव त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाल रहे हैं। उनके साथ 6 डीआईजी, 14 आईपीएस, 35 एडिशनल एसपी, 5,000 पुलिसकर्मी हैं।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)