Uttarakhand: ऋषिकेश में राम झूला पुल आवाजाही के लिए बंद, 21 अगस्त तक बारिश का येलो अलर्ट

0
62

ram-jhula-bridge

देहरादूनः प्रदेश में फिलहाल लोगों को बारिश से राहत मिलना संभव नहीं दिख रहा है। मौसम विभाग की ओर से 21 अगस्त तक जारी किए गए येलो अलर्ट से तो यही लग रहा है। भारी बारिश के कारण जहां ऋषिकेश के मुनि की रेती स्थित राम झूला पुल का पुस्ता ढह गया। जिसके चलते इस पुल पर आवाजाही बंद कर दी गयी है। गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर और कटाव के चलते पुल का पुस्ता क्षतिग्रस्त हो गया है।

वहीं बीते बुधवार को विकासनगर तहसील क्षेत्र के ग्राम लांघा जाखन में हुए भूस्खलन में सभी लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। इतना ही नहीं, लगातार बारिश के कारण ऋषिकेश-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग सहित राज्य में कुल 231 सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं। इन अवरुद्ध मार्गों को खोलने का काम जारी है। गुरुवार दोपहर तक देहरादून समेत प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर मौसम साफ रहा। हालांकि आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए हुए हैं। देहरादून समेत मैदानी इलाकों में चिलचिलाती धूप ने मौसम में उमस पैदा कर दी है।

मानसून सीजन के दौरान अत्यधिक बारिश के कारण 15 मार्च से अब तक राज्य में कुल 74 लोगों की मौत हो चुकी है और 43 लोग घायल हुए हैं। साथ ही 19 लोग लापता हैं। लापता लोगों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। भारी बारिश के कारण करोड़ों पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बने ऋषिकेश के मुनि की रेती स्थित राम झूला पुल के नीचे का पुस्ता बह जाने से पर्यटकों और वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है। बताया जा रहा है कि गंगा के उफान के कारण यह पुल का पुस्ता क्षतिग्रस्त हुआ है। सुरक्षा की दृष्टि से एसडीएम के निर्देश पर राम झूला पुल पर पर्यटकों की आवाजाही बंद कर दी गई है। पुलिस ने पर्यटकों को राम झूला पुल पर जाने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें..Delhi Fire: केमिकल फैक्ट्री में लगी भयंकर आग, 6 घायल, फायर…

मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट

मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान में गुरुवार को आठ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य में 18 अगस्त के लिए उत्तरकाशी, टिहरी गढ़वाल, देहरादून, पौडी गढ़वाल, बागेश्वर, चंपावत, नैनीताल, उधम सिंह नगर में गरज के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने 21 अगस्त तक राज्य में येलो अलर्ट जारी किया है। राज्य आपदा मोचन केंद्र के अनुसार, उत्तरकाशी जिले में ऋषिकेश यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच 54) हनुमान चट्टी और राज्य में 13 राज्य मार्ग, पिथौरागढ़ जिले में 03 सीमाएं सहित कुल 231 सड़कें अवरुद्ध हैं। संबंधित विभाग द्वारा अवरुद्ध मार्गों को खोलने का कार्य जारी है।

जानें राम झूला का इतिहास

ऋषिकेष के राम झूला पुल (Ram Jhula bridge) का निर्माण 07 मार्च 1985 को शुरू हुआ था और 05 अप्रैल 1986 को इस पुल का निर्माण पूरा हुआ था। तत्कालीन उत्तर प्रदेश राज्य में 1.02 करोड़ की लागत से बना यह पुल उस समय राज्य का सबसे लंबा झूला पुल था। राम झूला पुल (Ram Jhula bridge) का निर्माण उत्तर प्रदेश सरकार के निर्माण विभाग द्वारा किया गया था।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)