सेहत और स्वाद से भरपूर बनायें सत्तू के पराठे

0
191

नई दिल्लीः चने का सत्तू सेहत के लिए बेहद फायदेमंद होता है। बिहार में सत्तू से बनाया जाने वाला बाटी-चोखा काफी मशहूर है और यह सभी को पसंद भी आता है। गर्मी के दिनों में लोग लू से बचने के लिए सत्तू और नींबू का घोलकर पीते हैं। लेकिन यदि आपको सत्तू का कुछ नया ट्राई करना है तो आप सत्तू के पराठे बना सकती हैं। यह खाने में बेहद स्वादिष्ट और सेहतमंद है। चलिए बनाते हैं सत्तू के पराठे।

सत्तू के पराठे बनाने के लिए सामग्री
200 ग्राम आटा
100 ग्राम चने का सत्तू
दो हरी मिर्च बारीक कटी हुई
सौंफ आधा छोटा चम्मच
जीरा आधा छोटा चम्मच
अजवाइन आधा छोटा चम्मच
सरसों का तेल भरावन में डालने व सेंकने के लिए
नमक स्वादानुसार

सत्तू के पराठे बनाने की विधि
सत्तू के पराठे बनाने के लिए सबसे पहले आटे में थोड़ा सा नमक और तेल डालकर अच्छे से गूंथ लें। अब आटे को एक तरफ थोड़ा सेट होने के लिए रख दें। इसके बाद एक बर्तन में सत्तू, जीरा, सौंफ, स्वादानुसार नमक, हरी मिर्च, अजवाइन और सरसों का तेल डालकर अच्छे से मिक्स कर लें। इसके बाद गूंथे हुए आटे की छोटी-छोटी लोई बना लें। लाईयों को कटोरी की आकार की बनाकर उसमें सत्तू का भरावन भरें और फिर उसे बंद कर दें। इसके बाद लोई को बेलन की मदद से गोलकार बेल लें। अब गैस पर तवा गर्म करें और पराठे को इस पर डाल दें। जब पराठे दोनों तरफ पक जाए तो दोनों तरफ अच्छी तरह से घी या तेल लगाकर सेंक लें। इन गर्मागर्म पराठों को हरी चटनी या दही के साथ सर्व करें।