उत्तर प्रदेश Featured

Lucknow: पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह पर ‘आप’ द्वारा लगाए गए आरोप खारिज, कोर्ट ने जुर्माना भी लगाया

Lucknow: लखनऊ की जिला अदालत ने आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह पर 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह ने राज्यसभा सांसद संजय सिंह के खिलाफ स्थानीय जिला अदालत में मानहानि का मुकदमा दायर किया था। पूर्व मंत्री के वकील प्रशांत सिंह अटल ने बताया कि लखनऊ जिला अदालत ने संजय सिंह पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। सिविल जज सीनियर डिवीजन ने तत्कालीन जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह के खिलाफ किए गए सभी ट्वीट और सोशल मीडिया पर उन्हें बदनाम करने वाले सभी वीडियो और पोस्ट को तुरंत हटाने का भी आदेश दिया है। कोर्ट ने संजय सिंह के खिलाफ आदेश देते हुए कहा कि जुर्माने की एक लाख की रकम याचिकाकर्ता महेंद्र सिंह को 2 महीने के अंदर दी जाए। कोर्ट ने आदेश दिया है कि संजय सिंह अगर दो महीने के भीतर जुर्माना नहीं चुकाते हैं तो उन्हें फैसले की तारीख से 6% ब्याज सहित जुर्माना देना होगा।

मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जेल में बंद हैं राज्यसभा सांसद

उल्लेखनीय है कि महेंद्र सिंह के जल शक्ति विभाग के मंत्री रहने के दौरान सांसद संजय सिंह ने उन पर भ्रष्टाचार और घोटाले के झूठे आरोप लगाये थे। तत्कालीन मंत्री महेंद्र सिंह ने स्थानीय जिला अदालत में संजय सिंह के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया था। संजय सिंह की ओर से कोर्ट में कोई साक्ष्य या दस्तावेज पेश नहीं किया गया। इस पर कोर्ट ने नाराजगी जताते हुए सख्त आदेश दिए हैं। सांसद संजय सिंह फिलहाल मनी लॉन्ड्रिंग मामले में तिहाड़ जेल में हैं। ताजा फैसले से पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह को बड़ी राहत मिली है। उन पर लगे कोई भी आरोप प्रमाणित करने के लिए संजय सिंह दस्तावेज नहीं प्रस्तुत कर पाए। महेंद्र सिंह को सभी आरोपों से क्लीन चिट मिल गई।

महेंद्र सिंह ने किया फैसले का स्वागत

कोर्ट ने आठ पन्नों के आदेश में मानहानि के मुद्दे पर बेहद सख्त टिप्पणियां भी दर्ज की हैं और संजय सिंह व उनकी पार्टी द्वारा सोशल मीडिया पर किए गए सभी वीडियो और पोस्ट को तत्काल प्रभाव से हटाने का आदेश दिया है। संजय सिंह पर 1 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। इस आदेश के बाद जब पत्रकारों ने महेंद्र सिंह से उनकी टिप्पणी मांगी तो पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह भावुक हो गए और बोले 'सत्यमेव जयते'। न्याय की जीत हुई है। यह भी पढ़ेंः-Bihar Politics: कहीं लव-कुश का तीर उन्हें ही न लग जाए, बीजेपी पर भड़के तेज प्रताप यादव महेंद्र सिंह ने फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि उन्होंने सदैव ईमानदारी और पारदर्शिता की राजनीति की है और उन्हें बदनाम करने के उद्देश्य से चलाया गया झूठा अभियान आज न्यायालय के आदेश से स्पष्ट हो गया है। कहा कि वे सार्वजनिक जीवन में शुचिता और ईमानदारी की राजनीति और सेवा की भावना को सदैव कायम रखेंगे। आज वे लोग बेनकाब हो गये जिन्होंने मुझे और हमारी सरकार व पार्टी को बदनाम करने का कुत्सित प्रयास किया था। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)