मध्य प्रदेश बिहार Featured

दुल्हन ने विदाई से पहले किया मतदान, मेहंदी भरे हाथों में लगवाई स्याही

bride voting

Lok Sabha Elections 2024, शेखपुराः बिहार में पहले चरण के तहत चार लोकसभा क्षेत्रों में शुक्रवार को शांतिपूर्ण ढंग से मतदान चल रहा है। वोटिंग को लेकर मतदाताओं में काफी उत्साह देखा जा रहा है। जमुई लोकसभा क्षेत्र में भी मतदाता उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। इस बीच जमुई के शेखपुरा विधानसभा में लोकतंत्र के लिए एक सुखद तस्वीर सामने आई है। विदाई से पहले लाल जोड़े में नई नवेली दुल्हन अपने पति के साथ पोलिंग बूथ पर पहुंची और वोट डाला।

पति के साथ वोट करने पहुंच दुल्हन

दरअसल, शेखपुरा नगर परिषद क्षेत्र के चक दीवान मुहल्ला निवासी सुष्मिता कुमारी की शादी देर रात प्रदीप कुमार के साथ हुई। सुष्मिता की शुक्रवार सुबह विदाई होनी थी, लेकिन उन्होंने विदाई से पहले अपने मतदान करने का फैसला किया। इसके बाद सुष्मिता अपने पति प्रदीप कुमार के साथ शेखपुरा विधानसभा के मतदान केंद्र 68 पर पहुंचीं और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। केंद्र पर मतदान कर्मियों और अन्य मतदाताओं ने भी नवदंपति का स्वागत किया। सुष्मिता ने कहा कि देश और राज्य के लिए एक अच्छी सरकार जरूरी है और इसके लिए वोट करना जरूरी है।

ये भी पढ़ेंः-UP Lok Sabha Election 2024: यूपी की 8 सीटों पर वोटिंग जारी, सुबह 9 बजे तक 12.66 फीसदी मतदान

एमपी भी दुल्हन ने निभाई अपनी जिम्मेदारी

इसके अलावा मध्य प्रदेश में भी हर किसी को खुश कर देने वाला नजारा देखने को मिला। यहां के मंडला संसदीय क्षेत्र में एक वधू ने विदाई से पहले अपने मताधिकार की जिम्मेदारी निभाई। इस नई नवेली दुल्हन ने मेली गांव के नारायणगंज के मतदान केंद्र 112 पर आशा रानी सिंगरोरे अपनी विदाई से पहले मतदान किया। बता दें कि राज्य के छह सीटों पर वोटिंग हो रही है और मतदान को लेकर हर वर्ग में उत्साह है। युवा हों या बुजुर्ग या फिर महिलाएं, सभी अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)