Featured पंजाब राजनीति

कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी के निधन पर नेताओं ने जताया शोक, भारत जोड़ो यात्रा में पड़ा था दिल का दौरा

sanlokh-singh

नई दिल्लीः जालंधर से कांग्रेस सांसद चौधरी संतोख सिंह (Santokh Singh Chowdhary) का शनिवार सुबह पंजाब के फिल्लौर में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान दिल का दौरान पड़ने से निधन हो गया। वह 76 साल के थे। चौधरी के निधन के बाद भारत जोड़ो यात्रा को रोक दिया गया है। उनके निधन पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे सहित कांग्रेस के तमाम नेताओं ने गहरा दुख प्रकट करते हुए शोक संवेदना व्यक्त की।

ये भी पढ़ें..मकर संक्रांति पर नर्मदा स्नान के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, बढ़ा पुलिस का पहरा

मल्लिकार्जुन खड़गे ने ट्वीट करते हुए कहा है कि हमारे सांसद संतोख सिंह चौधरी के असामयिक निधन के बारे में जानकर गहरा सदमा और दुख हुआ। उनका जाना पार्टी और संगठन के लिए बड़ा झटका है। दुख की इस घड़ी में मेरा दिल उनके परिवार, दोस्तों और फॉलोअर्स के साथ है। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।

पार्टी नेता जयराम रमेश ने कांग्रेस सांसद के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए ट्वीट के माध्यम से कहा है कि जालंधर से 76 वर्षीय कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी का आज सुबह भारत जोड़ो यात्रा के दौरान अचानक दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। हम उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। यात्रा के कार्यक्रम में कुछ बदलाव होंगे जो जल्द ही साझा किए जाएंगे।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी कांग्रेस सांसद के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा, "जालंधर से कांग्रेस के सांसद संतोख सिंह चौधरी के असामयिक निधन से मुझे गहरा दुख हुआ है। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।"

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)