Janmashtami 2023: धनिया पंजीरी के बिना अधूरा है लड्डू गोपाल का भोग, बनाना है बेहद आसान

26

dhaniya-panjiri-janmashtami

Janmashtami 2023: नई दिल्लीः हिंदू धर्म में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का विशेष महत्व है। हर घर में यह त्योहार बड़े ही धूमधाम से मनाया जाता है। इस दिन लड्डू गोपाल की विधिवत पूजा की जाती है। जन्माष्टमी का त्योहार भाद्रपद माह के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को मनायी जाती है। इस साल यह पर्व 06 सितम्बर 2023 को मनाया जा रहा है। जन्माष्टमी के दिन भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के बाद उन्हें कई पकवानों का भोग लगाया जाता है। पूड़ी, हलवा, खीर और गुलगुला भी बनाया जाता है। लेकिन बिना धनिया पंजीरी के भगवान का भोग अधूरा माना जाता है। मान्यता है कि भगवान श्रीकृष्ण को धनिया पंजीरी बेहद पसंद है। इसलिए भक्त अपने आराध्य को प्रसन्न करने के लिए धनिया पंजीरी का भोग जरूर लगाते हैं। तो आइए जानते हैं धनिया पंजीरी बनाने की विधि।

धनिया पंजीरी रेसिपी

घी 3 बड़े चम्मच, 1 कप धनिया पाउडर, आधा कप चीनी पाउडर, 8 से 10 बारीक कटे हुए बादाम, 8 से 10 बारीक कटे हुए काजू, 8 से 10 किशमिश, आधा कप नारियल का बुरादा, 10 से 12 मखाना, आधा छोटा चम्मच चम्मच इलायची पाउडर।

ये भी पढ़ें..Janmashtami 2023: राशि के अनुसार जन्माष्टमी पर करें लड्डू गोपाल का श्रृंगार, सभी मनोरथ होंगे पूर्ण

धनिया पंजीरी बनाने की विधि

धनिया पंजीरी बनाने के लिए एक बड़े पैन में एक चम्मच घी डालें और इसे अच्छे से गर्म होने दें। इसमें काजू और बादाम को हल्का सा भून लीजिए। इन्हें अलग प्लेट में निकाल लीजिए। थोड़ा सा घी और डालें और मखाने डालकर भून लें और इसे निकाल कर अलग रख लीजिये। अब पैन में बचा हुआ घी डालें। इसमें धनिया पाउडर डालकर धीमी आंच पर 10 मिनट तक भूनें। जब धनिये से अच्छी खुशबू आने लगे तो इसका मतलब है कि वह भुन चुका है। अब गैस बंद कर दीजिये। अब एक बड़े बाउल में धनिया पाउडर डालें। इसमें मखाना, भुने हुए बादाम और काजू डालें। इसके बाद इसमें किशमिश, नारियल का बुरादा, इलायची पाउडर और चीनी पाउडर डालें। सभी चीजों को अच्छे से मिला लीजिए। तैयार है लड्डू गोपाल की अतिप्रिय धनिया पंजीरी।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)