प्रदेश उत्तर प्रदेश Featured

निषाद पार्टी की ‘सरकार बनाओ अधिकार पाओ’ रैली में शामिल होंगे गृह मंत्री अमित शाह

लखनऊः भारतीय जनता पार्टी अपने गठबंधन के साथी निषाद पार्टी के साथ मिलकर राजधानी लखनऊ में 17 दिसम्बर को रमाबाई मैदान में ‘सरकार बनाओ अधिकार पाओ’ रैली आयोजित करेगी। इस रैली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शामिल होंगे। रैली में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ ही बड़ी संख्या में निषाद समाज के लोग भी शामिल होने वाले हैं। पूर्वांचल में ओम प्रकाश राजभर की पार्टी से गठबंधन टूटने के बाद भाजपा के साथ निषाद पार्टी का गठबंधन हुआ है। प्रदेश भर में निषाद बिरादरी की अच्छी खासी संख्या है।

पूर्वांचल की बात करें तो यहां निषाद समाज का खास प्रभाव है। भाजपा को विश्वास है कि राजभर की कमी को निषाद समाज पूरा करेगा। बता दें कि पिछले 2017 के विधानसभा चुनाव में राजभर की सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी भाजपा गठबंधन के साथ मिलकर चुनाव लड़ी थी। इस बार राजभर ने समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन किया है। रमाबाई मैदान में होने वाली इस रैली में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह निषाद समाज के लोगों को सम्बोधित करेंगे। समाज के लोगों को मोदी-योगी सरकार के कार्यों को बताएंगे। साथ ही उन्हें आश्वासन भी देंगे।

यह भी पढ़ें-सीएम अशोक गहलोत ने केंद्र पर साधा निशाना, कहा-पेट्रोल,डीजल की बढ़ी कीमत से जनता परेशान

रैली का जिस प्रकार से ‘सरकार बनाओ अधिकार पाओ रैली’ नाम दिया गया है, उससे स्पष्ट है कि अमित शाह इस समाज से कुछ बड़े वादे कर सकते हैं। रैली के बारे में जानकारी देते हुए भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष सिंह ने बताया कि रैली में गृह मंत्री अमित शाह के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, निषाद पार्टी के अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद सहित भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, डॉ. दिनेश शर्मा समेत अन्य प्रमुख नेता मौजूद रहेंगे।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)