Featured दिल्ली राजनीति

Himachal Elections: कांग्रेस टिकट वितरण में प्रतिभा सिंह का दबदबा, 32 समर्थकों को मिला टिकट

शिमलाः हिमाचल प्रदेश के चुनाव रण में कांग्रेस पार्टी 68 में से 67 सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। उम्मीदवार चयन के लिए प्रदेश कांग्रेस के दिग्गज नेताओं में घमासान मचा रहा। टिकट वितरण में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह का दबदबा रहा और वह करीब 32 टिकट अपने समर्थकों को दिलाने में कामयाब रही हैं, जबकि प्रदेश कांग्रेस प्रचार प्रमुख सुखविंद्र सिंह सुक्खू के 17 समर्थकों को टिकट मिला है। प्रतिभा सिंह मंडी लोकसभा सीट से कांग्रेस की सांसद हैं। वह छह बार मुख्यमंत्री रहे दिवंगत वीरभद्र सिंह की पत्नी हैं।

ये भी पढ़ें..T20 WC : श्रीलंका ने आयरलैंड को नौ विकेट से धोया, सुपर 12 में जीत के साथ की शुरुआत

कांग्रेस हाईकमान ने विधानसभा चुनाव से ठीक पहले प्रतिभा सिंह को प्रदेश कांग्रेस इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया था। टिकट वितरण से साफ हो गया है कि कांग्रेस नेतृत्व ने प्रतिभा सिंह के होलिलोज कैम्प के दबदबे को मजबूती दी है। होलिलोज प्रतिभा सिंह और वीरभद्र सिंह के शिमला स्थित निजी आवास का नाम है। होलीलाज ने सुक्खू कैम्प को टिकट वितरण मुकाबले से काफी पीछे कर दिया है। हालांकि चौपाल , बंजार और पच्छाद में प्रतिभा सिंह अपने समर्थकों को टिकट नहीं दिला पाईं हैं। इसी तरह हमीरपुर जिला के भोरंज , बिलासपुर के झंडूता में वीरभद्र समर्थकों को टिकट नहीं मिल पाया है।

रोचक पहलू यह है कि होलीलाज कैम्प में प्रतिभा सिंह के साथ मुकेश अग्निहोत्री के समर्थकों को भी टिकट मिले हैं। वहीं दूसरी तरह सुखविंद्र सिंह सुक्खू अकेले 17 टिकट अपने समर्थकों को दिलाने में कामयाब रहे। इस लिहाज से सुक्खू भी मजबूत नेता के तौर पर उभर रहे हैं। टिकट वितरण पर नजर डालें तो कांग्रेस में लगभग एक दर्जन चेहरे ऐसे हैं, जो हवा के रूख के साथ प्रतिभा सिंह, कौल सिंह ठाकुर, मुकेश अग्निहोत्री, सुक्खू या फिर हाईकमान के साथ चल सकते हैं।

हिमाचल में कांग्रेस के सत्तासीन होने पर सीएम के दावेदारों में मुकेश अग्निहोत्री और सुखविंदर सुक्खू का नाम लिया जा रहा है, लेकिन कौल सिंह, राम लाल और आशा कुमारी की दावेदारी को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। होलिलोज समर्थक प्रतिभा सिंह को भी सीएम का प्रबल दावेदार मान रहे हैं। हिमाचल में वर्तमान में कांग्रेस के 20 विधायक हैं और पार्टी नेतृत्व ने इन्हें दोबारा चुनाव में उतारा गया है।

बता दें कि हिमाचल प्रदेश में कुल 68 विधानसभा सीटें हैं और 2017 के विधानसभा चुनाव में यहां भाजपा को बड़ी जीत मिली थी। तब भाजपा को 44 सीटों पर औऱ कांग्रेस को 21 सीटों पर जीत हासिल हुई थी। राज्य में अब तक कोई भी सरकार दोबारा सत्तासीन नहीं हो पाई है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)