Himachal Election: दोपहर एक बजे तक 37.19 प्रतिशत वोटिंग, मतदान को लेकर बुजुर्गों में उत्साह

34

शिमलाः हिमाचल विधानसभा चुनाव (Himachal Election) के लिए शनिवार को वोट डाले जा रहे हैं। यहां एक ही चरण में सभी 68 सीटों पर मतदान हो रहे हैं। राज्य में खुशगवार मौसम के बीच मतदान जारी है। सुबह के समय मतदान की रफ्तार धीमी थी, लेकिन दिन बढ़ने के साथ ही मतदान में तेज़ी आ रही है। राज्य निर्वाचन विभाग के मुताबिक दोपहर एक बजे तक राज्य में औसतन 37.19 प्रतिशत लोग अपने-अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर चुके थे।

ये भी पढ़ें..Gujarat Election: भाजपा ने जारी की 40 स्टार प्रचारकों की लिस्ट, इन बड़े नेताओं को नहीं मिली जगह

जिलेवार आंकड़ों पर नजर डाले तो सिरमौर जिला में सबसे ज्यादा 41.89 फीसदी औऱ लाहौल-स्पीति में सबसे कम 21.95 फीसदी मतदान हुआ है। बिलासपुर जिला में 34.05 फीसदी, चम्बा में 28.35 फीसदी, हमीरपुर में 35.86 फीसदी, कांगड़ा में 35.50 फीसदी, किन्नौर जिला में 35 फीसदी, कुल्लू जिला में 40.33 फीसदी, शिमला जिला में 37.30 फीसदी, सोलन में 37.90 फीसदी और ऊना में 39.93 फीसदी मतदान दर्ज किया गया।

राज्य की सभी 68 विधानसभा सीटों पर सुबह आठ बजे मतदान शुरू हुआ था। पहले घंटे में मात्र पांच प्रतिशत मतदान हुआ। जबकि दोपहर 11 बजे तक ये आंकड़ा बढ़कर 18 प्रतिशत हो गया। मतदान का दौर शाम पांच बजे तक जारी रहेगा। इस बार के विधानसभा चुनाव (Himachal Election) में युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों में मतदान के प्रति काफी उत्साह देखा जा रहा है। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में राज्य में 75.57 फीसदी मतदान हुआ था।

बुजुर्गों में मतदान को लेकर गजब उत्साह-

बुजुर्गों में मतदान को लेकर गजब का जोश देखते ही बन रहा है। चम्बा जिला के कबायली इलाके पांगी-भरमौर में बर्फ से ढके चस्क भटोरी मतदान केंद्र में मतदाता 14 किलोमीटर की लम्बी पैदल यात्रा तय कर पहुंच रहे हैं। 83 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने यहां वोट डाला। इसी तरह जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के टशीगंग स्थित विश्व के सबसे ऊंचे मतदान केंद्र में लोग पारंपरिक परिधान पहन कर वोट डालने पहुंचे। चम्बा जिला में 103 वर्षीय शतायु मतदाता और जिला वृद्धजन आइकॉन सरदार प्यार सिंह ने वोट डाला।

जनजातीय जिला किन्नौर के कल्पा पोलिंग बूथ पर 90 और 87 वर्षीय बुजुर्ग दम्पति नर्जम मणी और भीष्म दास ने एक साथ वोट डाला। शिमला शहर के जाखू में तीन पीढ़ियों ने एक साथ डाला वोट। यहां 18 वर्षीय वरदान अपने माता पिता व दादी सुशीला मोहन के साथ वोट डालने पहुंचे। शिमला की 83 वर्षीय बुजुर्ग महिला निर्मल ठाकुर व्हील चेयर तो 78 वर्षीय बुजुर्ग महिला एम्बुलेंस से वोट डालने मतदान केंद्र पहुंची।

भाजपा और कांग्रेस के दिग्गजों ने डाला वोट-

भाजपा और कांग्रेस के दिग्गजों ने अपने गृह जिलों के पोलिंग बूथों पर वोट डाला। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, राज्यसभा सांसद डॉक्टर सिकंदर कुमार और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने वोट डाला। इसी तरह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह,पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा ने शिमला जिला में अपना वोट डाला।

गौरतलब है कि हिमाचल में 412 उम्मीदवार मैदान में हैं। राज्य में मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच है। कुछ सीटों पर आम आदमी पार्टी ने त्रिकोणीय मुकाबला बना दिया है। राज्य में मतगणना आठ दिसम्बर को होगी। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 44, कांग्रेस ने 21, निर्दलीय ने दो और माकपा ने एक सीट पर जीत दर्ज की थी।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)