प्रदेश उत्तर प्रदेश

सरकार के साहसिक फैसले बनेंगे 2024 में भाजपा की जीत का आधार, बीएल संतोष ने किया दावा

bjp-meeting-bl-santosh लखनऊः भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष ने कहा कि केंद्र सरकार की सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की नौ साल की योजनाएं और सरकार के साहसिक फैसले 2024 में भाजपा की जीत का आधार बनेंगे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ता अपने परिश्रम, अनुशासन और अथक परिश्रम के कारण देश में सफलता का पर्याय बन गए हैं। बीएल संतोष दो दिवसीय संगठनात्मक प्रवास पर शनिवार को राजधानी लखनऊ पहुंचे। पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी की अध्यक्षता और प्रदेश महासचिव (संगठन) धर्मपाल सिंह की मौजूदगी में राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष ने प्रदेश पदाधिकारियों और क्षेत्रीय अध्यक्षों के साथ बैठक की। बैठक में जनसंपर्क अभियान और आगामी कार्यक्रमों और अभियानों की समीक्षा पर चर्चा की गई। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष ने कहा कि पार्टी की राज्य इकाई ने जनसंपर्क अभियान के माध्यम से डेढ़ महीने से अधिक समय से लगातार चल रहे अभियान को प्रभावी ढंग से सफल बनाने के लिए टीम वर्क और टीम भावना से काम किया है। इसी प्रकार सहभागिता, समन्वय और सहयोग को कार्य का आधार बनाकर टीम भावना से कार्य करना होगा। उन्होंने जनसंपर्क अभियान की सफलता के लिए पार्टी नेतृत्व के साथ ही प्रदेश कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि जनसंपर्क अभियान के तहत घर-घर संपर्क अभियान, लोकसभा रैलियां, व्यापारी सम्मेलन, प्रबुद्ध सम्मेलन, संपर्क से समर्थन समेत सभी कार्यक्रमों और अभियानों में उत्तर प्रदेश भाजपा का प्रदर्शन सर्वश्रेष्ठ रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में जिम्मेदारियां और चुनौतियां बढ़ने वाली हैं। इसलिए लोकसभा चुनाव के लिए प्रत्येक कार्यक्रम और अभियान की पूर्व तैयारी के साथ-साथ कार्यक्रम क्रियान्वयन का रोडमैप तैयार कर हर चुनौती से निपटने की व्यवस्था तैयार करनी होगी। ये भी पढ़ें..अखिलेश यादव बोले- भाजपा की केन्द्र और प्रदेश की सरकारों ने... इसके साथ ही लोकसभा प्रवास योजना के तहत पिछले चुनाव में प्रतिकूल परिणाम वाली 14 लोकसभा सीटों पर कार्यक्रम, अभियान, प्रवास समेत विभिन्न विषयों की समीक्षा भी की गयी। इसके साथ ही सोशल मीडिया की राज्य एवं क्षेत्रीय टीम के साथ बैठक में मार्गदर्शन भी दिया गया। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष का दो दिवसीय प्रवास पार्टी के कार्यक्रमों एवं अभियानों को गति देने के लिए प्रेरणादायक साबित होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा उत्तर प्रदेश 2024 के लोकसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 80 सीटें जीतेगी। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)