नई दिल्लीः फिनलैंड के वंता शहर के एक स्कूल में मंगलवार को 12 साल के एक छात्र ने गोलीबारी कर दी। इस घटना में घायल एक छात्र की मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस ने हमलावर छात्र को हिरासत में ले लिया है। पुलिस के मुताबिक गोलीबारी की घटना के बाद पीड़ित बच्चों को अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने स्कूल भवन को घेर लिया। हिरासत में लिए गए छात्र के अलावा फिलहाल इस मामले में कोई अन्य संदिग्ध नहीं है।
राष्ट्रीय शोक की घोषणा
इस दुखद घटना पर फिनिश राष्ट्रपति इल्का कोस्कीमाकी ने कहा कि जिन छात्रों को गोली मारी गई, वे सभी 12 साल के हैं। इनमें से एक की मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल हैं। फिनिश सरकार ने इस घटना पर राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। इस दौरान राष्ट्रीय परिसरों और संस्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा।
पकड़ा गया अपराधी
पुलिस के मुताबिक, गोलीबारी में इस्तेमाल किया गया हथियार एक पंजीकृत हैंडगन है। इसका लाइसेंस उस छात्र के रिश्तेदार के पास था। प्रधानमंत्री पेटेरी ओर्पो ने कहा कि गोलीबारी बेहद चौंकाने वाली घटना है। उनकी संवेदनाएं पीड़ितों, उनके प्रियजनों और अन्य छात्रों और कर्मचारियों के साथ हैं।
यह भी पढ़ेंः-BJP में शामिल हुए बॉक्सर विजेंदर सिंह, कांग्रेस को लगा एक और तगड़ा झटका
आंतरिक मंत्री मारी रैनटेनेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि दिन की शुरुआत बहुत ही भयानक तरीके से हुई। वह केवल दर्द और चिंता की कल्पना कर सकती है। फिलहाल संदिग्ध अपराधी को पकड़ लिया गया है।