देश Featured टॉप न्यूज़

Eid Ul Fitr 2023: देश भर में आज मनाई जा रही है ईद, राष्ट्रपति और पीएम मोदी ने दी मुबारकबाद

eid-ul-fitr-2023 नई दिल्लीः देश में आज (शनिवार) ईद (Eid Ul Fitr) का त्योहार मनाया जा रहा है। ईद-उल-फितर के मौके पर लोग दिल्ली की जामा मस्जिद पर नमाज अदा करने के लिए एकत्रित हुए। लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर बधाइयां दी। शुक्रवार शाम चांद अलविदा का चांद देखने के बाद भारत में आज ईद-उल-फितर का पर्व मनाया जा रहा है। ईद-उल-फितर का पर्व रमजान महीने के आखिरी दिन मनाया जाता है। ईद उल-फितर को मीठी ईद के नाम से जाना जाता है। इस्लामिक कैलेंडर के दसवें महीने शव्वाल के पहले दिन इसे मनाया जाता है। ईद के त्योहार के साथ ही रोजे और इबादत का महीना समाप्त हो जाता है।

PM मोदी ने दी ईद उल फितर की मुबारकबाद

ईद-उल-फितर की पूर्वसंध्या पर शुक्रवार को पीएम नरेंद्र मोदी ने बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना को मुबारकबाद दी। पीएमओ द्वारा जारी बयान के अनुसार मोदी ने इस मौके पर दुनियाभर में लोगों के लिए शांति, सौहार्द, सेहत और प्रसन्नता की कामना की। पीएम मोदी ने हसीना के लिए अपने संदेश में कहा, ‘भारत की जनता की ओर से मैं आपको और बांग्लादेश के नागरिकों को ईद की मुबारकबाद देता हूं।’ पीएम मोदी ने कहा कि रमजान के पाक महीने में दुनियाभर के मुसलमान रोजे रखते हैं और नमाज अदा करते हैं और ईद उल फितर के इस खास मौके पर मुस्लिम समुदाय के लोगों के साथ दुनियाभर के लोग एकता और भाइचारे के मूल्यों को साकार कर रहे हैं। ये भी पढ़ें..Aaj Ka Rashifal 22 April 2023: आज का राशिफल शनिवार 22 अप्रैल 2023, जानें कैसा रहेगा आपका दिन

राष्ट्रपति मुर्मू ने दी देशवासियों को ईध की बधाई

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी ईद-उल-फितर (Eid Ul Fitr) की पूर्व संध्या पर लोगों को बधाई दी और सभी से इस अवसर पर समाज में भाईचारे तथा सद्भाव को बढ़ावा देने का संकल्प लेने का आग्रह किया। राष्ट्रपति भवन द्वारा जारी एक बयान में राष्ट्रपति के हवाले से कहा गया, ‘ईद रमजान के पवित्र महीने के पूरा होने का प्रतीक है। यह त्योहार प्रेम, करुणा और स्नेह की भावनाओं को फैलाता है। ईद हमें एकता और आपसी सौहार्द का संदेश देती है।’ Eid will be on Saturday confirmation of moon sighting गौरतलब है कि रमजान के महीने में एक महीने तक रोजा रखने के बाद ईद-उल-फितर का त्योहार मनाया जाता है. दिल्ली की ऐतिहासिक जामा मस्जिद के शाही इमाम सैयद अहमद बुखारी ने मस्जिद से एलान किया कि दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों से ईद का चांद दिखने की पुष्टि हो गई है। जामा मस्जिद में मगरिब की नमाज के बाद मरकजी रूयत-ए-हिलाल कमेटी की बैठक हुई। बैठक में दिल्ली समेत देश के अन्य हिस्सों से ईद का चांद दिखने की जानकारी मिली है। बैठक में तय हुआ कि कल शनिवार को ईद मनाई जाएगी। शाही इमाम ने देश भर के मुसलमानों को ईद मुबारक की बधाई भी दी है। इसी तरह चांदनी चौक स्थित शाही मस्जिद फतेहपुरी के इमाम डॉ. मुफ्ती मुकर्रम अहमद ने भी ईद के चांद निकलने की ऐलान करते हुए देशभर के मुसलमानों कल शनिवार को ईद मनाने की अपील की है। जमीयत अहले हदीस के अमीर मौलाना असगर अली इमाम सल्फी मेहंदी ने भी ईद का चांद नजर आने का ऐलान करते हुए शनिवार को ईद मनाए जाने की अपील की। इसी तरह इबादान-ए-शरिया हिंद की रूयत-ए-हिलाल कमेटी की बैठक बहादुर शाह जफर मार्ग स्थित मुख्यालय में मगरिब की नमाज के बाद हुई। नायब अमीर-ए-शरीयत दिल्ली मुफ्ती जकावत हुसैन कासमी की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में चांद देखने की व्यवस्था की गई इसमें दिल्ली समेत देश के अन्य भागों जैसे कर्नाटक के बेलगाम, मैसूर, रायचूर, तुमकुर, उत्तर प्रदेश के देवरिया, कुशीनगर, मुजफ्फरनगर, झारखंड के रांची, बिहार के मधुबनी, दरभंगा, गया, बख्तियारपुर, सहरसा, पश्चिम बंगाल के दिनाजपुर के अलावा हरियाणा और अंडमान निकोबार से भी ईद का चांद नजर आने की सूचना मिली। इसके बाद इमारत-ए-शरीआ ने भी शनिवार के दिन ईद का त्योहार मनाए जाने का ऐलान किया। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)