राजनीति

किसान संगठनों के भारत बंद के दौरान धरने पर बैठे दिग्विजय सिंह

भोपाल: केंद्र सरकार के तीनों कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसान संगठनों ने सोमवार को एक दिवसीय भारत बंद बुलाया है। भोपाल में भारत बंद पर करोंद मंडी पर धरना शुरू हो गया है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भी यहां धरने पर बैठे हैं।

किसान संगठनों के भारत बंद का कांग्रेस समेत सभी विपक्षी पार्टियां समर्थन दे रही हैं। भोपाल में भारत बंद में करोंद मंडी के गेट पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भी धरने में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि कृषि कानून बनाने से पहले किसानों की राय नहीं ली गई। अंग्रेजी हुकूमत में भी गांधी जी जब आंदोलन कर रहे थे, वे भी अदालत जा सकते थे। कृषि कानून में अदालत में जाने का अधिकार छीन लिया गया है। जब किसानों की फसल आती है तब विदेशों से आयात शुरू कर देते हैं। ये तीन कानून सिर्फ किसान विरोधी ही नहीं, उपभोक्ता विरोधी भी हैं। मुझे कल ही बताया गया इसलिए यहां ज्यादा लोग एकत्र नहीं हो पाए।

यह भी पढ़ेंः-श्राद्ध में बचा दूषित भोजन खाने से 12 लोगों की हालत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती

दिग्विजय सिंह ने कहा कि किसान संगठन राजनीतिक दलों से परहेज न करें। किसान अपने आंदोलन में कांग्रेस के साथ साथ बीजेपी को भी बुलाएं। सुरक्षा को देखते हुए कलेक्टर अविनाश लवानिया, डीआईजी इरशाद वली समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ मौजूद हैं और पूरे क्षेत्र की ड्रोन से निगरानी की जा रही है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)