कांग्रेस अध्यक्ष बोले- जहां हमारे नेताओं के दौरे होते हैं वहीं छापे मारती है ईडी-आईटी

19

 

रायपुरः कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने गुरुवार को भाटापारा में श्रमिक सम्मेलन में कहा कि बीजेपी ने सत्ता में आने के बाद श्रम कानूनों को कमजोर कर दिया है। कानून सिर्फ अमीरों के पक्ष में बनाये गये हैं। कांग्रेस गांव, गरीब, मजदूर, किसान के लिए जो काम करती है उसकी भाजपा के लोग कल्पना भी नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता जहां भी जाते हैं, वहां ईडी-आईटी की छापेमारी होती है। हमें डरना नहीं है, लड़ना है। अगर डर गए तो समझो मर गए। देखते हैं तुम्हें कितना परेशान करते हैं।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने अपने भाषण की शुरुआत डॉ. एमएस स्वामीनाथन को श्रद्धांजलि देकर की। उन्होंने कहा कि डॉ. स्वामीनाथन हरित क्रांति के जनक थे, जिनकी इंदिरा गांधी ने भी प्रशंसा की थी। उनके योगदान के लिए कांग्रेस ने उन्हें राज्यसभा सांसद बनाया। इस मौके पर दो मिनट का मौन रखकर डॉ. स्वामीनाथन को श्रद्धांजलि दी गई।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि जो गरीबों की मदद करता है उसे याद किया जाता है। गरीबों के लिए लड़ने वालों को ही इतिहास में सम्मान मिलता है। जो लोग गरीबों से लड़ते हैं वे स्वयं बर्बाद हो जाते हैं। आज भाजपा के लोग गरीबों को बर्बाद कर अमीरों को बढ़ावा दे रहे हैं। राहुल गांधी ने कन्याकुमारी से कश्मीर तक पैदल यात्रा कर देश को जोड़ने का काम किया। भाजपा के लोग सिर्फ भेदभाव करने का काम करते हैं। देश के 5 फीसदी लोगों के पास 65 फीसदी संपत्ति है और 50 फीसदी लोगों के पास सिर्फ 3 फीसदी संपत्ति है।

यह भी पढे़ंः-गुरुग्राम: टेलीग्राम ऐप पर काम के नाम पर धोखाधड़ी, 42 लाख ठगे

किसान सह मजदूर सम्मेलन के दौरान मल्लिकार्जुन खड़गे ने महिला आरक्षण को लेकर बड़ी बात कही। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण में सभी वर्गों को आरक्षण मिलना चाहिए। ओबीसी की जनगणना होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग को उनका पूरा हक मिलना चाहिए। यह कांग्रेस की मांग है, इसलिए हम जनता से उनका समर्थन चाहते हैं। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक कोई नया नहीं है। राजीव गांधी ने महिलाओं को पंचायत में ही आरक्षण दिया था। आज महिलाएं राजनीति में हर जगह हैं तो यह कांग्रेस की देन है।’ पहले भाजपा के लोग महिला आरक्षण का विरोध करते रहे। आज भाजपा इसका श्रेय लेने में लगी है। हालाँकि, यह कब लागू होगा इसकी जानकारी नहीं है। अगर भाजपा में इच्छा शक्ति है तो आज ही इसे लागू करें। 2024 में इसे लागू करें, हम तैयार हैं।

अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)