उत्तर प्रदेश Featured राजनीति

अजय राय के अध्यक्ष बनने के बाद बदला यूपी कांग्रेस का माहौल, लोगों में बढ़ा भरोसा

लखनऊः उत्तर प्रदेश में अजय राय (Ajay Rai) को 17 अगस्त को राज्य की कमान मिली। इसके बाद राज्य की मीडिया में इसे लेकर माहौल बनना शुरू हो गया। मीडिया में बना यह माहौल जमीन पर कहां तक पहुंचेगा यह तो आने वाला लोकसभा चुनाव ही तय कर सकता है, लेकिन अजय राय ने विभिन्न दलों समेत समाज के 686 प्रमुख लोगों को कांग्रेस की सदस्यता दिलायी है।

बीजेपी की चालों से वाकिफ

आज रविवार को उन्हें प्रदेश अध्यक्ष बने हुए चार महीने हो गए हैं। बीजेपी पृष्ठभूमि से नेता बनकर उभरे अजय राय भी बीजेपी की ज्यादातर चालों से वाकिफ हैं। यही कारण है कि वे आज भी माथे पर चंदन लगाना और भगवान शिव की स्तुति करना नहीं भूलते। वह अपनी पार्टी को आगे बढ़ाने के लिए हमेशा अपने व्यक्तिगत संबंधों का भी उपयोग करते हैं। यही कारण था कि प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद जब वह वाराणसी से लखनऊ आये तो दूसरे दलों के लोग भी उनके स्वागत के लिये गये। प्रदेश अध्यक्ष बनने के दो हफ्ते बाद ही उन्होंने दूसरे दलों के प्रमुख लोगों को कांग्रेस से जोड़ने का सिलसिला शुरू कर दिया। नतीजा ये हुआ कि अब तक 686 प्रमुख लोग कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं। जिसमें बसपा और सपा दोनों पार्टियों के कई पूर्व विधायक शामिल हैं। इनमें सपा के कई प्रदेश स्तरीय पदाधिकारी शामिल हैं। इनमें शिवपाल यादव के करीबी और इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के पूर्व अध्यक्ष दिनेश यादव भी शामिल हैं।

घर-घर हो रहा कांग्रेस का प्रचार

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि इन चार महीनों में हमने अपने पुराने और नए कार्यकर्ताओं में जोश भरने और पार्टी की नीतियों को आगे बढ़ाने का काम किया है। कांग्रेस की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाना हमारी जिम्मेदारी है। आज हर व्यक्ति कांग्रेस से जुड़ना चाहता है। हम जितने अधिक घरों तक पहुंचेंगे। उतने ही अधिक लोग हमसे जुड़ेंगे। उन्होंने कहा कि लोगों ने कांग्रेस के प्रति भी प्यार दिखाया है। आने वाले चुनाव में जनता भाजपा को अवश्य उखाड़ फेंकेगी। हमारे कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह है। सभी लोग घर-घर जाकर कांग्रेस का संदेश और नीतियां लोगों तक पहुंचा रहे हैं। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अंशू अवस्थी का कहना है कि भारत जोड़ो यात्रा के बाद देश में विपक्ष के तौर पर युवाओं, किसानों, महिलाओं और आम आदमी का रुझान कांग्रेस के प्रति बढ़ा है। केंद्र और राज्य सरकार किसानों, युवाओं और आम आदमी के हितों की अनदेखी कर रही है। पिछड़ों और दलितों से किये गये वादों पर अमल नहीं किया गया। इसलिए लोग कांग्रेस पार्टी की ओर आशा भरी नजरों से देख रहे हैं और सदस्यता ले रहे हैं। यह भी पढ़ेंः-MP : 5 दिवसीय कूनो वन महोत्सव आज से, CM मोहन यादव करेंगे शुभारंभ उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा लगातार देश की जनता के मुद्दों पर लड़ रहे हैं और सरकार से सवाल कर रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय जनता के मुद्दों पर संघर्ष करते हैं। आइये उनकी बात को प्रमुखता से उजागर करें। इसलिए अजय राय के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद राज्य में लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व और प्रदेश अध्यक्ष की रणनीति से कांग्रेस पार्टी उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव में अच्छा प्रदर्शन करेगी। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)